कच्चे घाट के पास पटरी पर अवैध खनन करके कटटों मेें भरकर लगाया गया रेत का स्टॉक।
- फोटो : AMAR UJALA
रादौर। सूखी पड़ी पश्चिमी यमुना नहर में प्रशासन की लापरवाही से जमकर अवैध खनन हो रहा है। कच्चे घाट के पास स्थानीय लोग दिन रात नहर से रेत निकालकर बेच रहे हैं। नहर से सरेआम रेत चोरी हो रहा है। लंबे समय से लोग सूखी पड़ी नहर से रेत निकालकर बेच रहे है। लेकिन पुलिस व प्रशासन को मामले की जानकारी होने के बावजूद नहर से रेत चोरी कर रहे लोगों के विरूद्व आजतक कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिससे अवैध खनन करने वाले लोगों के हौंसले बुलंद हो गये है। मामले को लेकर रादौर पुलिस, खनन और नहरी विभाग कोई कार्यवाही नही कर रहा है। जिससे शहर के लोगों में प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर भारी रोष है। जानकारी के अनुसार महीनों से पश्चिमी यमुनानहर सूखी पड़ी हुई है। नहर के कच्चे घाट के पास रातभर अवैध खनन चलता है। जो सुबह तक चलता रहता है। लोग सूखी नहर से कटटो में भरकर रेत नहर की पटरी पर स्टॉक करते है। पता चला है कि नहर से निकाले गये रेत को कटटों में भरकर लोगों को 40 रुपये रेत का कटटा बेचा जा रहा है। सरेआम अवैध खनन का रेत शहर मेें बिक रहा है। पुलिस व प्रशासन को मामले की जानकारी है। इसके बावजुद सरेआम नहर का रेत अवैध खनन करके बेचा जा रहा है। शहर के लोगों ने नहर में अवैध खनन करने वाले लोगों के विरूद्व जिला उपायुक्त व जिला पुलिस अधीक्षक से सख्त कार्यवाही करने की मांग की है। इस बारे थाना रादौर प्रभारी सब इंस्पैक्टर संदीप कुमार ने बताया कि नहर में अवैध खनन करने वाले लोगों के विरूद्व पुलिस सख्त कार्यवाही करेगी। नहर की पटरी पर पुलिस गश्त बढ़ाई जायेगी।