संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। यातायात नियमों के बारे में विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए मंगलवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बूड़िया में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में यातायात थाना प्रभारी कुशल पाल राणा, थाना बूड़िया प्रभारी नर सिंह, स्कूल प्राचार्य ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।
यातायात थाना प्रभारी कुशल पाल राणा ने कहा कि सड़क हादसों को कम करने में युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। सड़क दुर्घटनाओं में सबसे ज्यादा नुकसान युवा वर्ग का हो रहा है। युवा वर्ग यातायात नियमों को अपने व्यवहार में अपनाकर तथा छोटी-छोटी आदतों को जीवन का हिस्सा बनाकर अपना व दूसरों का जीवन सुरक्षित रख सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार हम अपने मोबाइल को कवर या स्क्रीन गार्ड लगाना नहीं भूलते उसी प्रकार दोपहिया वाहन पर चलते समय हेलमेट पहनें।
उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय शराब पीना सबसे खतरनाक है। कार्यक्रम के अंत में स्कूल स्टाफ ने आए हुए पुलिस अधिकारियों का धन्यवाद किया। प्राचार्य ने कहा कि इस सेमिनार का उद्देश्य छात्रों को ट्रैफिक नियमों के बारे में जागरूक करना और उन्हें सुरक्षित और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था।