जगाधरी। गर्मी की छुट्टियां शुरू होते ही पहाड़ों और धार्मिक स्थलों की ओर जाने वाले यात्रियों की तादाद बढ़ गई है। जम्मूतवी और कटरा की ओर जाने वाली सभी प्रमुख ट्रेनों में भारी भीड़ है, जिस कारण कंफर्म टिकट नहीं मिल पा रही है। हालात ऐसे हैं कि जम्मूतवी व कटरा मार्ग की ओर जाने वाली तमाम गाड़ियों में लंबी वेटिंग लिस्ट चल रही है।
सबसे बुरा हाल हेमकुंड एक्सप्रेस और शालीमार एक्सप्रेस का है। ऋषिकेश से श्री माता वैष्णो देवी कटरा जाने वाली हेमकुंड एक्सप्रेस में वेटिंग 100 के पार पहुंच गई है। वहीं, दिल्ली और अंबाला के रास्ते जम्मू जाने वाली शालीमार एक्सप्रेस में प्रतीक्षा सूची 200 तक पहुंच रही है। इसके अलावा हावड़ा जम्मूतवी हिमगिरी सुपरफास्ट मेल में 75 वेटिंग है। कोलकाता जम्मूतवी सियालदह एक्सप्रेस में भी कंफर्म सीट नहीं मिल पा रही है।
अन्य साप्ताहिक गाड़ियों में भी टिकट नहीं मिल पा रही है। इससे यात्रियों में निराशा है। नियमित टिकट न मिलने के बाद अब यात्रियों के पास तत्काल टिकट का ही सहारा है। श्रद्धालुओं का कहना है कि छुट्टियों में परिवार के साथ यात्रा की योजना महीनों पहले बनाई थी, लेकिन भारी वेटिंग के कारण आरक्षण कंफर्म होना मुश्किल लग रहा है। रेलवे को इसके लिए अतिरिक्त गाड़ियां चलानी चाहिए।