संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। एक पास पर दो बार शराब सप्लाई करने के मामले में अंबाला की एनवी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री के जीएम उमेश शर्मा की ओर से लगाई अग्रिम जमानत याचिका उसके वकील ने वापस ले ली है। मामले में अंबाला के आबकारी विभाग के अधिकारी भी शक के घेरे में है। जल्द ही पुलिस विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत की भी जांच करेंगी।
मामले में अब तक शराब ठेकेदार कालिंदी काॅलोनी निवासी ब्रजपाल राणा व कुरुक्षेत्र के बीबीपुर निवासी रिंकू सिंह को गिरफ्तार किया जा चुका है। इन दोनों ठेकेदारों ने एनवी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड अंबाला के अधिकारियों से मिलीभगत कर यह फर्जीवाड़ा किया था। मामले में अब तक पांच आरोपी गिरफ्तार किया जा चुका है।
उल्लेखनीय है कि 21 जून की शाम को कलानौर पंचकूला नेशनल हाईवे पर पिरथी का माजरा के पास ट्रक को सीआइए वन की टीम ने पकड़ा। यह शराब की पेटियां एनवी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड अंबाला से रिंकू सिंह के एल-13 गोदाम स्काच स्टेशन वाइंस जगाधरी पर सप्लाई की जानी थी।
जब पेटियों के बार कोड को स्कैन किया गया तो पता लगा कि यह शराब की पेटियां एल-13 मैसर्स स्काच स्टेशन वाइंस जगाधरी में पहले से ही छह बजकर 11 मिनट पर स्टाक इन दिखा रही हैं, जबकि इस गाड़ी को शराब की पेटियों सहित पांच बजकर 25 मिनट पर पहले ही रोक कर चेक गया। क्यूआरकोड के अनुसार एक ही गाड़ी नंबर और शराब दोनों जगह होना संभव नहीं है। इस मामले में थाना छप्पर में केस दर्ज है।