यमुनानगर। राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि यमुनानगर विधानसभा को उसने गोद लिया है। इसके विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। शहर में लाइब्रेरी की व्यवस्था की जानी चाहिए। इस दिशा में विधायक घनश्याम दास अरोड़ा व मेयर मदन चौहान के सहयोग से कार्य करेंगे। इसके लिए एमपी फंड से जो सहयोग होगा, वह करने को तैयार है।
इस दौरान सांसद ने दड़वा गांव में जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान लोगों की समस्याएं भी सुनीं। इस अवसर पर जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि 14 लाख की लागत से दड़वा गांव की मुख्य सड़क का टेंडर लगाया गया है। जल्द निर्माण कराया जाएगा। शिवधाम योजना के तहत दड़वा के श्मशान घाट का विकास होगा। अमृत योजना के तहत माहभर में दड़वा गांव की सीवरेज सिस्टम दुरुस्त होगा। इसके बाद सभी गलियों का निर्माण होगा। दड़वा गांव के राजकीय उच्च विद्यालय को अपग्रेड करने के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल से चर्चा की जाएगी।
जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान दड़वा निवासी नरेश ने बताया कि कुछ माह पहले दड़वा गांव में अमृत योजना के तहत सीवरेज लाइन डाली गई थी। जिससे गांव की मुख्य गली व अन्य गलियां क्षतिग्रस्त हो गई। सीवरेज लाइन चालू नहीं है। राज्यसभा सांसद कार्तिकेय ने संबंधित अधिकारियों से इसका जवाब मांगा। निगम एक्सईएन विकास धीमान ने बताया कि निगम की ओर से जन स्वास्थ्य विभाग को पेमेंट कर दी गई है।