संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। महाराजा अग्रसेन महाविद्यालय के कंप्यूटर विभाग की ओर से विद्यार्थियों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने और रोजगार के लिए तैयार करने के उद्देश्य से दो कार्यशालाएं लगाई गईं। इनमें बीसीए प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों को वेब डिजाइनिंग का प्रशिक्षण दिया गया। वहीं द्वितीय और अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को इंटरव्यू की तैयारी करवाई गई।
वेब डिजाइनिंग कार्यशाला में विद्यार्थियों को एचटीएमएल, सीएसएस, फॉर्म और हाइपरलिंक के बारे में व्यावहारिक जानकारी दी गई। शालू और मंजू के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने मिनी प्रोजेक्ट तैयार किए और अपनी प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान उन्हें वेबसाइट डिजाइनिंग से जुड़ी तकनीकी बारीकियों को समझने का अवसर मिला।
वहीं बीसीए द्वितीय और अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को क्लासरूम से कॅरिअर तक इंटरव्यू रेडीनेस प्रोग्राम के तहत प्रशिक्षण दिया गया। इसमें रिज्यूम तैयार करने, बॉडी लैंग्वेज, एचआर और तकनीकी इंटरव्यू की तैयारी पर जोर दिया गया। कंप्यूटर विभाग अध्यक्ष प्रो. रणदीप और रमनप्रीत ने विद्यार्थियों को इंटरव्यू से जुड़ी जरूरी जानकारियां दीं।
समूह चर्चा और मॉक इंटरव्यू से विद्यार्थियों को अपनी कम्युनिकेशन स्किल्स सुधारने और साक्षात्कार का अभ्यास करने का मौका मिला। प्राचार्या डॉ. करुणा ने कहा कि प्रतिस्पर्धा के दौर में केवल डिग्री पर्याप्त नहीं है। तकनीकी दक्षता और साक्षात्कार की तैयारी भी जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को सीखे गए कौशल का नियमित अभ्यास करने की सलाह दी। विभागाध्यक्ष प्रो. रणदीप के अनुसार, दोनों कार्यशालाओं का उद्देश्य विद्यार्थियों की चुनौतियों के लिए तैयार करना रहा।