जगाधरी। दसवीं कक्षा के बाद विद्यार्थी कौन सी विषय का चयन करें, इसके लिए सीबीएसई की ओर से आयोजित स्टूडेंट्स ग्लोबल एप्टीट्यूड इंडेक्स (एसजीएआई) टेस्ट इस साल 16 नवंबर के आयोजित किया जाएगा। पहले यह टेस्ट जनवरी माह में आयोजित किया जाता था।
इसका परिणाम मई महीने तक आता था, लेकिन तब तक विद्यार्थी अपने स्तर पर विषय का चयन कर चुके होते थे। इसका उन्हें फायदा नहीं मिल पाता था।
सीबीएसई ने विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस बार टेस्ट पहले करवाने का निर्णय लिया है। इस आशय का एक पत्र सीबीएसई बोर्ड ने जारी किया है। बोर्ड ने वेबसाइट पर भी इसकी विस्तृत जानकारी डाली हुई है।
दसवीं कक्षा के बाद अक्सर विद्यार्थियों में विषय के चयन को लेकर असमंजस देखा जा सकता है।
ज्यादातर विद्यार्थी अपने दोस्तों व अभिभावकों के मुताबिक ही विषय का चयन करते हैं। इसका उन्हें खमियाजा भुगतना पड़ता है।
10वीं के बाद स्ट्रीम का चयन करने में मदद करने के लिहाज से सीबीएसई ने स्टूडेंट्स ग्लोबल एप्टीट्यूड इंडेक्स टेस्ट का आयोजन नवंबर महीने में करवाने का निर्णय लिया गया है। सीबीएसई के अधिकारियों के मुताबिक दसवीं कक्षा में शिक्षा ग्रहण कर रहे विद्यार्थियों के लिए तीन वर्ष से यह टेस्ट जनवरी में आयोजित किया जाता रहा है।
विद्यार्थियों को मदद मिलेगी
नवंबर महीने में आयोजित स्टूडेंट्स ग्लोबल एप्टीट्यूड इंडेक्स टेस्ट का परिणाम जनवरी-फरवरी माह तक आ जाएगा। यही वजह है कि विषय का चयन करने में विद्यार्थियों को मदद मिलेगी।
सरस्वती पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल दीपक सिंगला के मुताबिक इस टेस्ट का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को स्ट्रीम का चयन करने के लिए जागरूक करना है।
हालांकि सीबीएसई ने विद्यार्थियों को छूट दी है कि वे चाहे तो टेस्ट दें या नहीं। सीबीएसई के अधिकारियों के मुताबिक एप्टीट्यूड टेस्ट के बारे में सीबीएसई की एक्सपर्ट टीम ने एडवोकेसी मटिरियल पीपीटी के रूप में तैयार किया है।
इसे स्कूलों को ईमेल के जरिए भेजा जाएगा। ताकि वे इसके फॉरमेट और डिस्प्ले टीचर्स व अभिभावकों को दे सकें।