संवाद न्यूज एजेंसी
साढौरा। छत से गुजर रहे बिजली के तार को हटाने को लेकर हैबतपुर गांव में विवाद हो गया। तार से करंट लगने के बाद जब हैबतपुर निवासी प्रदीप शर्मा ने पड़ोसी को छत से तार हटाने को कहा तो आरोपी ने परिजनों के साथ घर में घुसकर उस पर गंडासी व अन्य धारदार हथियारों से हमला कर दिया। प्रदीप शर्मा का आरोप है कि पुलिस कोई सुनवाई नहीं हुई। एसपी को शिकायत देने के बाद पुलिस ने 18 लोगों पर केस दर्ज किया।
हैबतपुर निवासी प्रदीप शर्मा ने बताया कि वह जगाधरी कोर्ट में अधिवक्ता के पास बतौर मुंशी कार्य करता है। दो दिन पहले बारिश होने पर वह घर पर था। छत पर जमा पानी को नीचे उतार रहा था। इसी दौरान छत पर पड़े बिजली के तार से उसे करंट लग गया। इस पर उसने पड़ोसियों को कहा गया कि वह अपने बिजली के तार उनकी छत से हटा लें।
आरोप है कि पड़ोसी मनोज कुमार ने साथी प्रदूमन, संदीप, कुलदीप, विवेक, योगेश, जय कुमार, सचिन, शुभम, आशीष, सत्यम, पिंदर, विकास, जगमोहन, नितिन, हैप्पी, सुभाष व राहुल के साथ डंडे व धारदार हथियार लेकर उनके घर में घुस गए। आरोपियों ने आते ही उससे गाली गलौज की और उस पर गंडासी व अन्य धारदार हथियारों से हमला कर दिया। जिससे वह घायल हो गया। शोर शराबा सुनकर गांव के अन्य लोग एकत्रित हुए और बीच बचाव किया।
इस दौरान हमलावरों ने कई पड़ोसियों के साथ भी मारपीट की। उन्हें भी चोट लगी है। आरोप है कि इस संबंध में पुलिस को सूचना दी गई लेकिन गांव में कोई नहीं पहुंचा। आरोपियों से उन्हें खतरा है। मामले में कार्रवाई न होने पर पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी गई। इसके बाद पुलिस ने मामले में आरोपियों पर केस दर्ज किया।