संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। रुपये दोगुना करने का लालच देकर पांच लोगों ने अंबाला के तंदवाल निवासी कमल सिंह से 13 लाख 70 हजार रुपये लेकर हड़प लिए। आरोप तंदवाल निवासी वीरभान, जय सिंह का मामला निवासी हरबीर, अंबाला के गणेश नगर निवासी सागर, यमुनानगर के रामनगर निवासी संदीप उर्फ लाडी व भूरे का माजरा निवासी ऋषिपाल पर लगा है। पुलिस ने पांचों आरोपियों पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
अंबाला के तंदवाल गांव निवासी कमल सिंह ने बताया कि फरवरी 2024 में उनके गांव के ही वीरभान ने उसे बताया कि उसका रिश्तेदार जय सिंह का माजरा निवासी हरबीर रुपये निवेश कर दोगुना करने का काम करता है। इस पर वह आरोपी हरबीर से मिला। हरबीर ने उसकी मुलाकात अंबाला के गणेशनगर निवासी सागर, यमुनानगर के रामनगर निवासी संदीप उर्फ लाडी व भूरे का माजरा निवासी ऋषिपाल से कराई। आरोपियों ने उसे कहा कि वे कुछ ही माह में उसके रुपये दोगुना करके देंगे।
आरोपी की बातों में आकर उसने आरोपियों को 22 फरवरी को साढ़े सात लाख रुपये और चार मई को आठ लाख रुपये जय सिंह का माजरा गांव में दिए। आरोपियों ने आश्वासन दिया कि वे जल्द ही उसे दोगुना करके रुपये वापस करेंगे। इसके बाद आरोपियों ने टाल मटोल करने लगे। बाद में आरोपियों ने उसे रुपये देने से मना कर दिया।
जब उसने आरोपियों पर दबाव दिया तो उन्होंने केवल एक लाख 80 हजार रुपये ही उसके खाते में डाले। बाकी के 13 लाख 70 हजार रुपये आरोपियों ने हड़प लिए। आरोपियों के रुपये न देने पर उसने परेशान होकर शिकायत पुलिस को दी। रादौर थाना प्रभारी निरीक्षक मोहिंद्र सिंह का कहना है कि पांचों आरोपियों पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।