साढौरा। कस्बे के 49 वर्षीय शटरिंग कारोबारी कुलविंद्र सिंह चड्ढा सात वर्ष से नि:शुल्क शव वाहन चलाकर मानवता की सेवा कर रहे हैं। यह शव वाहन कोटला मार्ग के श्मशान घाट की देखरेख कर रही श्रीराम बाग सेवा सभा की ओर से 2019 में लोगों के सहयोग से करीब 6 लाख रुपये से तैयार करवाया गया था।
इसके बाद से कुलविंद्र सिंह चड्ढा अपने सहयोगी रिंकू सैनी के साथ दिन हो या रात, गर्मी हो या सर्दी, जब भी किसी परिवार को जरूरत पड़ती है, शव वाहन लेकर पहुंच जाते हैं। गरीब हो या अमीर, हिंदू हो या मुस्लिम-सिख, सभी की सेवा एक समान भाव से करते हैं।
उनका कहना है कि गुरु नानक देव जी ने हमें निष्काम सेवा का पाठ पढ़ाया है। किसी के दुख में साथ देना ही सच्ची सेवा है। इसलिए उन्होंने सात साल पहले ये सेवा शुरू की थी। कुलविंद्र सिंह शटरिंग का कारोबार करते हैं। वे कारोबार के साथ सेवा के लिए समय निकालते हैं। इस वाहन का खर्च श्मशान घाट सभा की ओर से वहन किया जाता है।
वे लगातार आठ वर्ष तक गुरुद्वारा पीर बुद्धुशाह कमेटी के प्रधान रहे। उनके कार्यकाल के दौरान ही सिख संगतों के सहयोग से पीर बुद्धुशाह जन्म स्थाल गुरुद्वारा को भव्य स्वरूप प्रदान किया गया। श्रीराम बाग सेवा सभा के सचिव के तौर पर भी कुलविंद्र सिंह चड्ढा श्मशान घाट की देखरेख में आगे हैं।
सरकार व सिख संगतों के सहयोग से डेहा बस्ती के पास पीर बुद्धुशाह के नाम से प्रवेश द्वार बनवाने में भी उनका योगदान रहा है। सिख संगतों के सहयोग से संघर्ष करके दोसड़का चौक का नाम बाबा बंदा सिंह बहादुर चौक रखवाने और बाबा बंदा सिंह बहादुर की प्रतिमा स्थापित करवाने में भी उनका योगदान रहा है। संवाद
पीर बुद्धूशाह संग्रहालय के लिए कर रहे सहयोग
अब केंद्रीय मंत्री व तत्कालीन सीएम मनोहर लाल की ओर से पीर बुद्धूशाह संग्रहालय को बनाने की अधूरी रह रही योजना को पूरा करवाने के लिए वह सिख संगतों के सहयोग से प्रयास कर रहे हैं। मार्केट कमेटी चेयरमैन नवीन भसीन, श्रीराम बाग सेवा सभा प्रधान सूरज ओबराए, मुकेश अग्रवाल बॉबी, काका खुल्लर व विजय ओबराय ने कुलविंद्र सिंह चड्ढा की इस निस्वार्थ सेवा की सराहना की है।