यमुनानगर। छोटी लाइन पर साईं होंडा एजेंसी के पीछे खाली प्लॉट में मिले 19 वर्षीय कोमल के शव को पुलिस ने सोमवार को पोस्टमार्टम के लिए करनाल मेडिकल कॉलेज में भेज दिया। वहां से पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा कि 17 अप्रैल से लापता कोमल की मौत हत्या करने से हुई या फिर कोई दूसरी वजह है। वहीं कोमल के परिजनों ने कोमल की सहेली, जीजा व दो युवकों पर उसकी हत्या किए जाने का शक जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। वहीं लापता की शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद भी पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं किए जाने पर परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस के बाहर नारेबाजी भी की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोमल के ताया मधु कॉलोनी निवासी दीपक राज, मामा दिनेश व बुआ रानो देवी ने बताया कोमल मुकंद लाल स्कूल में पढ़ती थी। उसने अभी 12वीं कक्षा के पेपर दिए थे। अगले माह उसका रिजल्ट आना है। पेपर देने के बाद उसने कुछ दिन कॉलोनी में ही ब्यूटी पार्लर का काम सीखा। बाद में उसे कॉलोनी के ही अमन ने छोटी लाइन स्थित वुमैन हेयर सैलून में लगवा दिया था। 13 अप्रैल से ही कोमल ने सैलून में जाना शुरू किया था। इसी दौरान कोमल का मोबाइल खराब हो गया था। 17 अप्रैल की सुबह कोमल ने एक हजार रुपये व मोबाइल ठीक कराने के लिए कॉलोनी में रहने वाले अपने जीजा को दिया था। साथ ही उसे यह कहा था कि जब मोबाइल ठीक हो जाए तो वह उसे देने सैलून पर ही आ जाए।
काम खत्म होने के बाद वह उसी के साथ घर आ जाएगी। यदि वह सैलून पर नहीं मिली तो पड़ोस में रहने वाली उसकी सहेली के घर मिलेगी। परंतु देर रात तक भी कोमल वापस नहीं लौटी। जबकि कोमल की ड्यूटी रात आठ बजे तक ही रहती थी। कोमल की मां मीनू ने कॉलोनी के ही युवक पर भी हत्या का शक जताया है। आरोप है कि वह कोमल को दो बाहर सहारनपुर घुमाने के लिए लेकर गया था। वहीं उन्होंने किसी अज्ञात व्यक्ति पर कोमल को मोबाइल पर धमकी देने का भी आरोप लगाया।
15 दिन पहले पासपोर्ट के लिए किया था आवेदन : मां मीनू ने बताया कि कोमल ने 15 दिन पहले ही पासपोर्ट के लिए आवेदन किया था। वह विदेश जाकर पढ़ना चाहती थी। ऐसे में कोमल की मौत की गुत्थी उलझती जा रही है। कोमल का शव मिलने का पता लगने पर उसकी सहेली भी अपनी मां के साथ उनकी मां से मिलने पहुंची थी। बाद में वे वहां से चली गई थी। सीसीटीवी फुटेज में वह 17 अप्रैल की रात सैलून से बाहर निकलती दिख रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है : कमलजीत
डीएसपी कमलजीत सिंह ने बताया कि कोमल की गुमशुदगी की रिपोर्ट रामपुरा चौकी में दर्ज है। उसका शव रविवार रात छोटी लाइन पर खाली प्लॉट में मिला था। परिजनों ने कुछ लोगों पर शक जताते हुए हत्या का आरोप लगाया है। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा यह हत्या है या कुछ और वजह है।
कंबल में लिपटा मिला था शव: कोमल का शव रविवार देर शाम छोटी लाइन पर साईं होंडा बाइक एजेंसी के पीछे खाली प्लॉट में मिला था। लोगों ने प्लॉट से दुर्गंध आने पर डायल 112 पर सूचना दी थी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच की तो पता चला कि कंबल में किसी युवती का शव लिपटा पड़ा है। वह गली सड़ी अवस्था में था। उसकी पहचान कोमल के तौर पर हुई थी। कोमल के पिता प्रदीप उर्फ सोनू ने 18 अप्रैल का उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट रामपुरा चौकी में दर्ज कराई थी। प्रदीप नगर निगम में सफाई कर्मचारी है।