रादौर। गांव छोटाबांस से हरिद्वार कांवड़ लेने गया किशन कुमार (30) तीन दिन से लापता है। किशन कुमार छोटाबांस से ट्रैक्टर-ट्राॅली से कांवड़ लेने गए 24 युवकों के साथ हरिद्वार गया था, पर 21 जुलाई की सुबह उत्तराखंड के भगवानपुर में लगे कांवड़ शिविर से वह लापता हो गया। इसके बाद उसके साथियों ने उसकी तलाश की, पर तीन दिन से लापता है। किशन कुमार छोटाबांस में महेंद्र सिंह डेरा कॉलोनी का रहने वाला है।
कॉलोनी के भगवानदास, राजू, रमेश, सीताराम, कृष्ण, मोहन, रामकुमार, रोहित, नरेश, किशोरी ने बताया कि 16 जुलाई को कॉलोनी से 14 लोग और छोटाबांस से दस लोग ट्रैक्टर-ट्राॅली से कांवड़ लेने हरिद्वार गए थे। हरिद्वार से कांवड़ लेकर जब लौट रहे थे तो किशन कुमार उत्तराखंड के भगवानपुर में लगे कांवड़ शिविर में रुका था। रात को कांवड़ लाने के लिए ले जाई गई ट्राॅली में सोया था। इसके बाद सुबह वह लापता हो गया। मौके पर काफी तलाश की, पर उसका पता नहीं लग पाया। बुधवार को परिजनों ने किशन कुमार के लापता होने की शिकायत भगवानपुर पुलिस थाने में दी, वहीं देर शाम तक किशन कुमार को परिजन भगवानपुर में खोज रहे थे। संवाद