संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। अखिल भारतीय किसान सभा (अजय भवन) ने सोमवार को शिव चौक बिलासपुर पर भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने भाजपा के राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगडा का पुतला भी फूंका।
सभा के प्रदेशाध्यक्ष गुरभजन सिंह मझैल व दिलबाग सिंह ने कहा कि शंभू बॉर्डर, टिकरी बॉर्डर तथा यूपी नोएडा में आंदोलनकारी किसानों का दमन किया जा रहा है। जो किसान शांतिपूर्ण दिल्ली जाना चाहते हैं उन्हें जबरन रोका जा रहा है। सभी फसलों की एमएसपी तय करके कानून बनाकर खरीद की गारंटी होनी चाहिए।
संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर पर गृह मंत्री अमित शाह द्वारा की गई अभद्र व आपत्तिजनक टिप्पणी की अखिल भारतीय किसान सभा कड़े शब्दों में निंदा करती है। अमित शाह को देश से माफी मांग कर अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। किसान आंदोलन पर अभद्र व अपमानजनक टिप्पणी करने वाले राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा को किसानों से माफी मांगनी चाहिए।