संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शहर की कई कॉलोनियों की खसरा नंबर सूची जगाधरी तहसील कार्यालय में अपडेट नहीं है। ऐसे ही नई वैध 71 कॉलोनियों का डाटा एनडीसी (नो ड्यू सर्टिफिकेट) पोर्टल पर नहीं चढ़ पाया है। दोनों ही सूरत में यहां जमीन की सेल-परचेस नहीं हो पा रही है। इसी आरोप में बुधवार को जिले के प्रॉपर्टी डीलर जिला सचिवालय पहुंचे, जिन्होंने डीसी के नाम डीआरओ को मांगपत्र सौंपा। साथ ही जिला प्रशासन द्वारा वर्ष-2024 में जमीनों के कलेक्टर रेट बढ़ाने के प्रस्ताव का भी विरोध किया।
रियल एस्टेट ब्रॉकर एंड इंवेस्टर एसोसिएशन से जुड़े दीपक सोंधी, ललित गुप्ता, मोहिंद्र कपूर, अनिल गुप्ता, वरिंद्र, अशोक, लक्ष्य रोहिल्ला, सौरभ गर्ग ने बताया कि जगाधरी तहसील कार्यालय में शहर की बहुत सी कॉलोनियों की खसरा नंबर सूची अपडेट नहीं है, इसलिए यहां की जमीनों की रजिस्ट्री नहीं हो पा रही है। इस कारण एक ओर यहां लोग जमीन की सेल-परचेस नहीं कर पा रहे, वहीं इससे सरकार को भी राजस्व का नुकसान हो रहा है। इसलिए मांग है कि जिला प्रशासन की ओर से सर्वे कर सभी कॉलोनियों की खसरा नंबर सूची तहसील कार्यालय में अपडेट कराई जाए। ऐसे ही नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी के अंतर्गत अप्रैल में 35 व अगस्त में 36 कॉलोनियों को वैध घोषित किया गया था, पर उनका डाटा भी अभी तक एनडीसी (नो ड्यू सर्टिफिकेट) पोर्टल पर नहीं चढ़ाया गया है। यहां भी लोग चाहकर भी जमीन की सेल-परचेस नहीं कर पा रहे और सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है। इसलिए मांग है कि जल्द एनडीसी पोर्टल पर नई वैध हुई कॉलोनियों का डाटा चढ़ाया जाए। इसके अलावा एसोसिएशन की ओर से जिला प्रशासन की ओर से अपनी वेबसाइट पर डाले वर्ष-2024 के जमीनों के प्रस्तावित कलेक्टर रेट के ड्राफ्ट पर आपत्ति दर्ज कराई गई, क्योंकि इसमें जमीनों के कलेक्टर रेट दस से 30 फीसद तक बढ़ाने की तैयारी है। जबकि पहले ही जनवरी-2023 में बढ़े कलेक्टर रूट मार्च-2024 तक लागू हैं, इसलिए किसी सूरत में जनवरी-2024 में कलेक्टर रेट न बढ़ाए जाएं।
कई जगह कलेक्टर रेट से कम जमीनों की मार्केट वैल्यू
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से वर्ष-2024 में कलेक्टर रेट बढ़ाने का प्रस्ताव है जबकि शहर में कई जगह जमीनों की मार्केट वैल्यू वहां के कलेक्टर रेट से कम है। इसमें सेक्टर-17 व्यावसायिक, अग्रसेन चौक से बसस्टैंड जगाधरी, अग्रसेन चौक से प्यारा चौक, मॉडल टाउन यमुनानगर, सिविल लाइन जगाधरी, जगाधरी ओल्ड ग्रेन मार्केट, अमर विहार, यमुना विहार, केसर नगर सहित अन्य क्षेत्र शामिल हैं, जहां पहले ही मार्केट वैल्यू से ज्यादा कलेक्टर रेट हैं। इसलिए यहां के कलेक्टर रेट बढ़ाने के बजाय कम करने की मांग है।