संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। चोरों ने गुरुनानक खालसा कॉलेज व चोपड़ा गार्डन स्थित शंकर के घर को निशाना बनाकर नकदी समेत हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया। कॉलेज में माहभर में दूसरी बार चोरों ने चोरी की। पुलिस ने दोनों मामलों में अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चोपड़ा गार्डन निवासी शंकर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रोज की तरह रात करीब साढ़े 11 बजे वे सभी परिवार के सदस्य सो गए थे। शनिवार सुबह चार बजे वह उठा तो उसने देखा कि उसके भाई के कमरे से मोबाइल फोन, मंदिर में रखी चांदी की गणेश जी व लक्ष्मी जी की मूर्तियां, गोलक से दो हजार रुपये व ट्रंक में रखे दस हजार रुपये चोरी थे। कमरे में सामान बिखरा पड़ा था। जांच में सामान आया कि चोर दीवार कूदकर घर में आया और चोरी कर फरार हो गया।
शहर के गुरु नानक खालसा कॉलेज में चोरी हो गई। कॉलेज प्रिंसिपल डा. एचएस कंग ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्हें कॉलेज स्टाफ ने सूचना दी थी कि कॉलेज परिवार की तीसरी मंजिल पर स्थित बायोटेक्नोलॉजी लैब से तीन पीतल के नल चोरी हो गए है। वह मौके पर पहुंचा और जांच की।
सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो उसमें दोपहर दो बजे से ढाई बजे के बीच एक अनजान व्यक्ति कॉलेज से सटे गुरुनानक खालसा स्कूल के मैदान से दीवार कूदकर कॉलेज परिसर में आया। इसके बाद सामान चुराकर परिवार से बाहर फरार हो गया। प्रिंसिपल कंग ने बताया कि होली की छुट्टियों के दौरान भी 23 मार्च से 25 मार्च के बीच कॉलेज की लैब की खिड़की का शीशा तोड़कर अज्ञात ने 19 पीतल के नल चोरी थे।