संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापनगर। वन विभाग कलेसर की टीम ने खैर की लकड़ी लदी टाटा पिकअप पकड़ी है। कर्मचारियों ने गाड़ी जब्त कर कलेसर रेंज कार्यालय में पिकअप खड़ी कर दी। बताया जा रहा है कि अराइयांवाला के जंगल से चार दिन पहले खैर के नौ पेड़ चोरी से काट लिए गए थे। विभाग ने इसकी पड़ताल कर रहा था।
वन विभाग रेंज के वनरक्षक संदीप और टेकचंद ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि चार दिन पहले अराइयांवाला के पश्चिमी यमुना नहर के किनारे से कटे खेर के पेड़ों को नागल पट्टी से एक टाटा पिकअप में लोड करके बाजार में बेचने के लिए ले जाया जाएगा। जिस पर वन विभाग के कर्मचारियों ने टीम बनाकर प्रताप नगर में नाकाबंदी शुरू कर दी।
बीती रात करीब दो बजे ताजेवाला की ओर से आ रहे एक पिकअप को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक वाहन भगाकर किशनपुरा की ओर ले गया और किशनपुरा नाके के पास पिकअप बैरियर के पास छोड़कर भाग गया। भागे आरोपी की पहचान छछरौली निवासी आसिफ के रूप में हुई। जांच के दौरान पिकअप से खैर की लकड़ी के करीब 54 टुकड़े बरामद हुए।