यमुनानगर। वन विभाग की टीम ने चेकिंग के दौरान असगरपुर गांव से मारुति कार से खैर के टुकड़े बरामद किए है। टीम को आता देखकर आरोपी खैर तस्कर कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। आरोपी खैर तस्कर जंगल से पेड़ काटकर उन्हें बेचने के लिए लेकर जा रहा था। पुलिस ने अज्ञात खैर तस्करों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
वन विभाग साढौरा से असगरपुर बीट के इंचार्ज राम कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसे सूचना मिली थी कि खैर तस्कर असगरपुर गांव के जंगल से खैर के पेड़ काटकर उन्हें कार में चोरी करके ले जा रहा है। सूचना मिलते ही उसने गांव असगरपुर के पास वाहनों की जांच शुरू कर दी। कुछ देर बाद उन्हें एक मारुति कार आती दिखाई दी।
जब उसने कार को रुकने का इशारा किया तो आरोपी तस्कर कार को छोड़कर मौके से भाग गया। उसने कार की जांच की तो उसमे से पांच खैर के पेड़ काटकर भरे हुए थे। उसने कार को कब्जे में लेकर मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद अज्ञात खैर तस्कर के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।