संवाद न्यूज एजेंसी
व्यासपुर। उपमंडल अधिकारी व्यासपुर एवं मेला प्रशासक मेला श्री कपाल मोचन आदिबद्री जसपाल सिंह गिल ने सोमवार को सूरजकुंड स्थित कार्यालय में मेला की तैयारियों को लेकर संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से पूछा कि उनकी मेला की तैयारियां किस स्तर पर चल रही हैं।
जसपाल गल ने बैठक के बाद बताया कि बताया कि श्री कपाल मोचन आदिबद्री के आवश्यक प्रबंधों का काम जोरों पर है। कपालमोचन मेले में देश के विभिन्न राज्यों से लाखों की संख्या में श्रद्धालु यहां के तीनों पवित्र सरोवरों कपालमोचन, ऋणमोचन व सूरजकुंड सरोवर में क्रमवार स्नान करने के लिए आते हैं।
कपालमोचन मेला में आने वाले श्रद्धालुओं को अधिक से अधिक सुविधाएं मिले ऐसे सभी अधिकारियों के प्रयास रहेंगे। मेले में सफाई व्यवस्था, दवाइयों के प्रबंध, अस्थाई शौचालयों, पेयजल के प्रबंध, सड़कों की मरम्मत, बिजली का प्रबंध, खाद्य सामग्री, दूध की आपूर्ति, बैरिकेटिंग, पुलिस प्रबंध व अन्य तैयारियों को समय पर पूरा किया जाएगा।
मेले में यात्रियों की सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए उचित प्रबंध पुलिस विभाग द्वारा किए जाएंगे। पूरे मेला क्षेत्र को चार सेक्टरों में बांटा जाएगा। मेले के दौरान नशीली दवाओंं व नशीली चीजों की विशेष रूप से चेकिंग की जाएगी। बैठक में व्यासपुर के डीएसपी हरविंद्र सिंह, मेला अधिकारी-कम-बीडीपीओ आस्था गर्ग, व्यासपुर के नायब तहसीलदार रविंद्र कुमार, बिजली विभाग के जेई हरिओम कश्यप, पंचायती राज विभाग के जेई जितेंद्र, श्राईन बोर्ड के लेखा लिपिक पंकज अग्रवाल मौजूद रहे।