कपालमोचन-आदिब्रदी क्षेत्र में पांच दिवसीय राज्यस्तरीय मेले का शुभारंभ शनिवार को डीसी व श्राइन बोर्ड के मुख्य प्रशासक डॉ. एसएस फुलिया ने मेलास्थल पर लगी प्रदर्शनी के उद्घाटन से किया। उनका स्वागत जवाहर नवोदय विद्यालय गुलाबगढ़ के विद्यार्थियों ने किया। डॉ. एसएस फुलिया ने सांस्कृतिक मंच पर दीप प्रज्वलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत की।
उन्होंने मेला कपालमोचन-2015 पुस्तक का विमोचन किया। इससे पहले उन्होंने हरियाणा की विकासात्मक गतिविधियों पर आधारित विभिन्न विभागों व संस्थाओं द्वारा लगाई प्रदर्शनी का अवलोकन किया, जिसमें कुल 41 स्टाल लगाए गए। मेले के उद्घाटन अवसर पर राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल मुस्तफाबाद की छात्राओं ने स्वागत गीत व हरियाणवी डांस, एमआर इंटरनेशनल स्कूल बिलासपुर के विद्यार्थियों ने गणेश वंदना, राजकीय मॉडल माध्यमिक विद्यालय मुस्तफाबाद के विद्यार्थियों ने गिद्दा, जवाहर नवोदय विद्यालय गुलाबगढ़ के विद्यार्थियों ने ग्रुप डांस, दशमेश वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कपालमोचन के बच्चों ने भंगड़ा तथा नवज्ञान ज्योति विद्यालय बिलासपुर के बच्चों ने गिद्दे की प्रस्तुति दी।
मंच संचालन रुचि मदान व सुरभि ने किया। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लगाए स्टॉल पर सरकार के बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के लिए चलाए गए हस्ताक्षर अभियान के तहत बोर्ड पर हस्ताक्षर किए। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जनता के हित में कार्य करें।
उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी स्थल में विभागों द्वारा स्टाल लगाने का उद्देश्य यह है कि लोग मेले में जरूरी योजनाओं व कार्यों की जानकारी भी लें। इस मौके पर एसपी डॉ. अरुण सिंह, बिलासपुर के एसडीएम एवं मेला प्रशासक गिरीश कुमार, जगाधरी के एसडीएम प्रेमचंद, डीएसपी बिलासपुर सुभाष चंद, जिला राजस्व अधिकारी सतीश भारद्वाज, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी गगनदीप सिंह, जिला सूचना एवं लोक संपर्क अधिकारी अवतार सिंह, बिलासपुर के बीडीपीओ एवं मेला अधिकारी नरेंद्र कुमार, साढौरा के बीडीपीओ जोगेश कुमार के अतिरिक्त मेला प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
सरकारी विभागों सहित कई संस्थाओं ने लगाई प्रदर्शनी
प्रदर्शनी स्थल में वन विभाग, कृषि विभाग, पशुपालन एवं डेयरी विभाग, बागवानी विभाग, मत्स्य विभाग, जिला ग्रामीण विकास एजेंसी, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, अक्षय ऊर्जा विभाग, नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी, महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला उद्योग केंद्र, हरियाणा राज्य परिवहन, हरियाणा बीज विकास निगम, स्वास्थ्य विभाग, आयुष विभाग, हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, जिला रेडक्रॉस सोसाइटी, भारत संचार निगम लिमिटेड, पंजाब नेशनल बैंक, वीटा मिल्क प्लांट अंबाला, सर्व शिक्षा अभियान, सेठ जयप्रकाश पॉलीटेक्निक दामला, चैतन्य कैरियर कंसलटेंट, हैफेड, विधिक सेवाएं समिति, हरियाणा खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड, ब्रह्मा कुमारीज चरित्र निर्माण अध्यात्मिक प्रदर्शनी, दिव्य ज्योति जागृति संस्थान व बाइबल शिक्षा स्टाल लगाए गए हैं।