यमुनानगर। भगवान परशुराम भवन गोविंदपुरी में सोमवार रात श्रीकृष्ण रासलीला का शुभारंभ हुआ। वृंदावन से आई प्रिया शरण दास जी की लीला मंडली ने रासलीला के प्रथम दिन भगवान कृष्ण की माखन चोरी लीला का मंचन किया। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को कृष्ण भक्ति में सराबोर कर दिया।
कलाकारों ने बाल स्वरूप श्री कृष्ण द्वारा गोपियों के घर माखन चोरी करने का मंचन दिखाया। गोपियां भी कान्हा के माखन चोरी करने की प्रतीक्षा करती थीं। लीला से बताया गया कि भगवान कृष्ण ने माखन चोरी के बहाने अपने भक्तों के हृदय में स्थान बनाया। प्रिया शरण दास जी महाराज ने कहा कि भगवान की लीलाएं केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि प्रत्येक लीला में जीवन के लिए कोई न कोई संदेश छिपा है। इन संदेशों को अपने जीवन में उतारना ही लीला के आयोजन और दर्शन की सार्थकता है।
लीला मंडली के ग्वाल-बालों के मंच पर पहुंचते ही श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए। पूरा परिसर राधा-कृष्ण के जयकारों से गूंज उठा। लीला के बीच प्रस्तुत किए गए भजनों का श्रद्धालुओं ने जमकर आनंद लिया। भगवान परशुराम मंच के अध्यक्ष राकेश त्यागी ने कहा कि रासलीला के माध्यम से हर वर्ष क्षेत्र में भक्ति की लहर देखने को मिलती है। इस अवसर पर मायाराम शर्मा, श्री कृष्ण हाई स्कूल तीर्थ नगर के संचालक सतपाल शर्मा, भरत शर्मा, गौरव त्यागी, अरुण त्यागी, डॉ. अभय, योगेश राणा आदि मौजूद रहे।