संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। राज्यस्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए खिलाड़ियों का चयन किया गया। इस दौरान कुंजल कबड्डी मैदान में जिलास्तरीय जूनियर एवं सब-जूनियर कबड्डी प्रतियोगिता करवाई गई। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों की तकनीकी क्षमता, खेल कौशल और दक्षता की जांच की गई।
विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे खिलाड़ियों ने उत्साह से प्रतियोगिता में भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों की कबड्डी से जुड़ी तकनीकों, खेल के दौरान उनकी चुस्ती-फुर्ती, पकड़ बनाने की क्षमता, रेडिंग कौशल और टीम के साथ तालमेल को परखा गया। खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर जूनियर एवं सब-जूनियर वर्ग की जिला स्तरीय टीमों के लिए खिलाड़ियों का चयन किया गया है।
चयनित खिलाड़ी हिसार में होने वाली राज्यस्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में यमुनानगर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। जिला कबड्डी संघ प्रधान रोबिन सिंह ने बताया कि चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने में मदद मिलती है। प्रतियोगिता के दौरान कबड्डी संघ महासचिव सोनू, मनोज, कोच हिमांशु, कोच गौरव, डीपी शिवम और कृष्ण देव मौजूद रहे। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन का जायजा लिया और चयन प्रक्रिया में सहयोग किया।