यमुनानगर। गांव चुहड़पुर कलां निवासी निरंजन सिंह ने अपनी पुत्रवधू समेत तीन लोगों पर घर से डेढ़ लाख के गहने चोरी करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
चुहड़पुर कलां निवासी निरंजन सिंह ने बताया कि उनका उसकी पुत्रवधू सुमन के साथ झगड़ा चल रहा है। उसके खिलाफ दहेज का मुकदमा दर्ज कराया हुआ है। अपनी पुत्रवधू के डर के कारण वो, उसकी पत्नी लाभकौर व बेटा प्रिंस अपने मकान को ताला लगाकर प्रतापनगर में किराये पर रहने लगे थे। घर के तीनों कमरों में घरेलू सामान व जेवरात रखे हुए थे। मंगलवार को जब वह चुहड़पुर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि घर के ताले टूटे हुए थे। अंदर जाकर देखा तो तीनों कमरों के दरवाजों के भी ताले टूटे हुए थे। कमरे के अंदर रखी पेटी का कुंडा टूटा था। जिसके अंदर से सोने की चेन, चांदी के दो जोड़ी चेन, चार सोने की अंगूठियां, एक चांदी का कड़ा व अन्य गहने गायब थे। उनका आरोप है कि घर में चोरी उसकी पुत्रवधू सुमन ने हाफजी निवासी श्रवण व बलविंद्र के साथ मिलकर चोरी की है। इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर लिया है।
दुकान से साढ़े 16 हजार रुपये समेत हजारों का सामान चोरी
गोबिंदपुरी निवासी अभिषेक त्यागी ने बताया कि चोरों ने उसकी कन्हैया साहिब चौक स्थित दुकान के ताले तोड़ चोरी को अंजाम दिया। चोर दुकान से एक इनवर्टर बैटरा, एक इनवर्टर व गल्ले से 16500 रुपये, पांच हार्ड डिस्क चोरी कर ले गए। पुलिस ने अज्ञात पर चोरी का केस दर्ज कर लिया है।
थर्मल प्लांट से तार चोरी
शहर में थर्मल पावर प्लांट से तांबे की लगभग तीन हजार रुपये का तार चोरी हो गया। चोरी का आरोप कंवलजीत व सुनील पर लगा है। पुलिस ने दोनों आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया है। उधर, टिब्बी अराइयां निवासी सकील ने बताया कि नौ जुलाई को उसने अपने दस टायरी ट्रक किशनपुरा पेट्रोल पंप के पास खड़ा किया था। रात के समय चोरों ने उसके ट्रक की दो बैटरियां चोरी कर लिए। पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है। उधर, तिम्हो निवासी करनैल सिंह ने बताया कि चोरों ने 11 जुलाई की रात को उनके खेत में ट्यूबवेल पर लगे डीजल इंजन को चोरी कर लिया। पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है।