यमुनानगर। चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर लिया। तीनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है।
विशाल नगर निवासी विनय कुमार बताया कि शुक्रवार को उसके छोटे भाई की रस्म क्रिया थी। वे उसमें सहारनपुर गए हुए थे। सुबह जब वे घर पहुंचे तो घर के दरवाजे की कुंडी टूटी हुई थी। घर के अंदर जाकर देखा तो अलमारी खुली पड़ी थी। जिसके अंदर से तीन जोड़ी चांदी की पाजेब, एक जोड़ी कड़ा, करीब ढाई तोले सोने के गहने व दस हजार रुपये गायब थे। पुराना बांस निवासी सुल्ताना ने बताया कि 29 जुलाई की सुबह वह अपने घर को ताला लगाकर बच्चों को दवाई दिलाने अस्पताल गई थी। जब वह लौटकर वापस आई तो घर के दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो पेटी खुली पड़ी थी। पेटी के अंदर से चांदी की दो पाजेब, चांदी की चेन, दो ताले चांदी का सिक्का, चार चुटकियां, दो सोने की कोके, 3500 रुपये व अन्य सामान गायब था। जब उन्होंने पास में लगे सीसीटीवी की फुटेज चेक की तो उसमें दो युवक घर के अंदर जाते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने मामले में दो युवकों पर चोरी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हरबंसपुरा निवासी चरणजीत कौर ने बताया कि शुक्रवार की रात को वह परिवार के सदस्यों के साथ सोई थी। सुबह जब उठे तो घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर घर से तीन सोने की अंगूठियां, एक टॉप्स, एक कड़ा, व आठ हजार रुपये की नकदी गायब थी। पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है।