छप्पर थाना क्षेत्र में बंबोली के पास राजपुरा के निकट शुक्रवार को दिनदहाड़े अमृतसर के एक ज्वेलर से करीब 90 लाख रुपये मूल्य का सोना लूटने का सनसनीखेज मामला सामने आया। वारदात के दौरान बदमाशों ने गाड़ी का शीशा तोड़कर सोने से भरा बैग लूट लिया। विरोध करने पर ज्वेलर पर चाकू से हमला कर दिया, जबकि उसके बेटे को गन प्वाइंट पर बंधक बनाकर रखा। घायल ज्वेलर को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार अमृतसर निवासी ज्वेलर जसपाल सिंह अपने बेटे के साथ यमुनानगर, जगाधरी, बिलासपुर और साढौरा क्षेत्र के सर्राफा कारोबारियों को सोने की सप्लाई करने के लिए आते थे। बताया जा रहा है कि वह हर एक-दो महीने में इन क्षेत्रों में सोने की आपूर्ति करते थे। गांव महलांवाली के सर्राफा कारोबारी आर्यन ने बताया कि वह भी जसपाल सिंह से सोने की खरीदारी करते रहे हैं।
शुक्रवार को जसपाल सिंह अपने बेटे के साथ सप्लाई के सिलसिले में यमुनानगर आए थे। इसी दौरान बंबोली के पास राजपुरा क्षेत्र में बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी कार को रोक लिया। आरोपियों ने गाड़ी का शीशा तोड़कर उसमें रखा सोने से भरा बैग निकाल लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने जसपाल सिंह पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं उनके बेटे को हथियार के बल पर बंधक बनाए रखा और वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए।
छप्पर थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में करीब 90 लाख रुपये मूल्य का सोना लूटे जाने की बात सामने आई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।