खिजराबाद में पिछले तीन दिन से बिजली न आने से चूहुड़पुर कलां गांव के लोगों ने सोमवार रात नेशनल हाईवे जगाधरी-पांवटा साहिब पर जाम लगा दिया।
इससे लगभग दो घंटे तक यातायात ठप रहा। एसडीओ के मौके पर पहुंचकर अगले दिन से बिजली सुचारू रूप से चलवाने के आश्वासन पर ही ग्रामीणों ने जाम खोला।
कई दिनों से बिजली किल्लत झेल रहे गांव चूहुड़पुर के लोगों ने रात करीब 8:30 बजे जगाधरी-पांवटा नेशनल हाईवे पर सड़क जाम कर बिजली निगम के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
सड़क जाम की सूचना मिलते ही बिजली निगम के एसडीओ आशीष चोपड़ा, जेई सुनील कुमार, एसएचओ छछरौली पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।
कुछ देर में सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस दौरान लोगों ने बिजली निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वाहनों की आवाजाही ठप होते ही प्रशासन हरकत में आ गया।
थाना छछरौली पुलिस ने लोगों को समझाने का खूब प्रयास किया लेकिन ग्रामीण टस से मस नहीं हुए। एसडीओ बिजली निगम आशीष चोपड़ा ने मौके पर पहुंच लोगों को बताया कि बीते दो दिनों से बिजली लाइन पर सुधारीकरण का कार्य चल रहा है।
सभी पैनल को बदला जा रहा है और लाइनों की क्षमता को बढ़ाया जा रहा है। एसडीओ ने कहा कि बिजली सप्लाई को सुचारू कर दिया गया है।
अब आने वाले दिनों में कोई बिजली कट नहीं झेलना पड़ेगा। विभागीय अधिकारियों से मिले आश्वासन के बाद ग्रामीण करीब ढाई घंटे बाद जाम खोलने को राजी हुए।
70 घंटे बिना बिजली के गुजारे
चुहुड़पुर निवासी डॉ. देवेश्वर, ओमकार सिंह, सुखदेव ने बताया कि बीते पांच दिनों से बिजली की आंख मिचौली चल रही है। घंटों का कट लगाया जा रहा है।
अधिकारी ग्रामीणों की कोई सुनवाई नहीं कर रहे हैं। गीता राम, रमेश कुमार, मांगे राम और सुखविंद्र का कहना है कि तीन दिन पहले अखबार में बिजली निगम की ओर से खबर छपी थी कि लगभग बीस घंटे के लिए छछरौली क्षेत्र की बिजली गुल रहेगी। इसके बाद ग्रामीणों ने बिजली के कार्य एक दिन पहले ही पूरे कर लिए थे लेकिन 70 घंटे के बाद भी क्षेत्र में बिजली नहीं आई।
चार दिनों से बिजली न आने पर लोगों ने चेताया
छछरौली में चार दिनों से बिजली सप्लाई ठप होने से रोजमर्रा के कामकाज बाधित हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि बिजली विभाग ने बिजली सप्लाई एक दिन बंद रखने की सूचना दी लेकिन बिजली गुल हुए चार दिन हो चुके हैं।
इसकी वजह से कोट और लेदी फीडर में चार दिनों से अंधेरा छाया है। कामिल सरपंच कोट, तेजपाल सरपंच हाफिजपुर, रोशन सरपंच ताहरपुर, शमेसिंह सरपंच सजादवाला, कर्मबीर, बलवंत, सुरजीत, असलम नंबरदार हाफिजपुर, मानसिंह मुजाफत किसान नेता, रामजतन हाफजी ने बताया कि बिजली विभाग ने चार दिन पूर्व समाचार पत्र के माध्यम से सूचना दी थी कि छछरौली में पावर हाउस क्षमता बढाने के लिए उसमें बदलाव किए जा रहे है जिसकी वजह से बिजली सप्लाई एक दिन तक बंद रहेगी। लेकिन क्षेत्र में पिछले चार दिनों से अंधेरा छाया हुआ है।
लोगों का कहना है कि घाड़ क्षेत्र में पहले ही पानी की कमी है ओर उपर से गर्मी ने परेशान किया हुआ है। बिजली सप्लाई बाधित होने से गांवों में लगे ट्यूबवेल भी चार दिनों से बंद पड़े हैं।
क्षेत्र में पेयजल मुहैया ना होने से चारों तरह हाहाकार मची हुई है। गांव की औरतें दूरदराज से सिरों पर पानी की बाल्टियां रखकर ला रही हैं।
लोगों का कहना है कि सबसे ज्यादा दिक्कत मवेशियों को हो रही है पानी की वजह से रोज एक या दो मवेशी मर रहा है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि अगर बिजली सप्लाई जल्द शुरू नही होगी तो सड़क पर जाम लगाया जाएगा।