संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। बारिश के कारण स्थगित चल रही शिक्षा विभाग की लड़कों की जिलास्तरीय खो-खो प्रतियोगिता शनिवार को राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जगाधरी में करवाई गई। इस दौरान जगाधरी खंड खो-खो का जिला प्रतियोगिता का ओवरऑल विजेता बना।
प्रतियोगिता में जिले के छह खंडों से कुल 18 टीमों में करीब 225 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इसमें अंडर-14, 17 और 19 आयु वर्ग की टीमें शामिल रहीं। प्रतियोगिता संयोजक अंजू बावा के नेतृत्व में करवाई गई। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। जगाधरी के खिलाड़ियों ने तीनों आयु वर्गों में स्थान पाया।
इस दौरान अंडर-14 आयु वर्ग में छछरौली की टीम विजेता और जगाधरी की टीम उपविजेता रही। वहीं, अंडर-17 आयु वर्ग में जगाधरी ने पहला स्थान पाया। दूसरे स्थान पर व्यासपुर खंड की टीम रही। इसके अलावा अंडर-19 आयु वर्ग में भी खंड जगाधरी की टीम ने जिले में पहला स्थान प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर व्यासपुर की टीम रही।
जिलास्तरीय प्रतियोगिता का ओवरऑल विजेता का खिताब खंड जगाधरी को मिला। इसके साथ अब जगाधरी खंड के खिलाड़ी प्रदेशस्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। जिला संयोजक अंजू बावा ने बताया कि अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग की प्रदेशस्तरीय प्रतियोगिता में जगाधरी खंड की टीम जिले का प्रतिनिधित्व करेगी।
अंडर-14 आयु वर्ग में छछरौली की टीम जिले का प्रतिनिधित्व करेगी। उन्होंने बताया कि यह जिलास्तरीय बारिश के कारण स्थगित कर दी गई थी। प्रदेशस्तरीय प्रतियोगिता की तिथि भी मौसम के अनुसार निर्धारित की गई है। इसके बाद अब लड़कों की जिलास्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता होनी है। यह प्रतियोगिता भी बारिश के कारण मैदान में पानी भरने पर स्थगित करनी पड़ी थी।
प्रतियोगिता के दौरान खो-खो खेलते खिलाड़ी। संवाद