जगाधरी। आईटीआई में दाखिला प्रक्रिया का चौथा चरण शुरू हो चुका है। इसके लिए बुधवार को विद्यार्थियों के लिए विभाग का ऑनलाइन दाखिला पोर्टल खोल दिया गया है। पोर्टल पर खाली सीटों की संख्या व ट्रेड दिखा दी गई है। पोर्टल खुलने के साथ विद्यार्थी आवेदन में त्रुटियां व संशोधन के साथ रूचि में बदलाव कर सकेंगे। इसके लिए निदेशालय ने विद्यार्थियों को तीन दिन का समय दिया है। विद्यार्थी 26 जुलाई तक आवेदन में ऑनलाइन संशोधन व बदलाव करवा सकते हैं। इसके बाद चौथे चरण के लिए आईटीआई की चौथी कट ऑफ लिस्ट 30 जुलाई को जारी की जाएगी।
यह चरण 24 जुलाई से 6 अगस्त तक चलेगा। जिसके तहत पांच अगस्त तक विद्यार्थियों के मूल दस्तावेजों की जांच की जाएगी। जबकि फीस जमा करने के लिए एक दिन अतिरिक्त दिया गया है। विद्यार्थी छह जुलाई तक फीस जमा करवा सकते हैं। फीस जमा न करने वाले विद्यार्थियों का दाखिला मान्य नहीं होगा। फीस जमा करवाने के बाद ही विद्यार्थियों की सीट पक्की की जाएगी। पोर्टल खुलने के बाद पहले दिन इक्का दुक्का विद्यार्थी ही आवेदन में संशोधन के लिए पहुंचे। जबकि अधिकांश विद्यार्थी संस्थान दाखिला व ट्रेड संबंधी जानकारी लेने पहुंचे। इस दौरान विद्यार्थियों ने अपनी पसंद की ट्रेड व संस्थान में मिलने वाली सुविधाओं व सरकारी योजना संबंधी हेल्प डेस्क सेंटर पर पूछताछ की। इस दौरान उपप्राचार्य दीपेश महेंद्रू ने बताया कि आईटीआई प्रवेश का चौथा चरण शुरू हो चुना है।विद्यार्थी 26 जुलाई तक आवेेदन में संशोधन करवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस दौरान दाखिला समिति के सभी सदस्यों की ड्यूटी लगाई गई है और सभी उपस्थित रहे। संस्थान पहुंच रहे विद्यार्थियों का हेल्प डेस्क से मार्ग दर्शन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आईटीआई में कुल 32 ट्रेड और 83 यूनिट हैं। जिसकी कुल 1348 सीटें हैं। जिस में से कुल 573 सीटें अभी खाली हैं। जिसके लिए 30 जुलाई को चौथी कट ऑफ लिस्ट जारी की जाएगी। यदि इस चरण में सभी सीटें नहीं भरती तो इसके बाद ओपन काउंसलिंग की जाएगी।
-