संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण निदेशालय की छुट्टी के दिन संस्थान खोलकर दाखिला करने की योजना धराशायी हो गई है। निदेशालय के आदेशों पर हर सप्ताह छुट्टी के दिन आईटीआई खुल रही हैं, लेकिन दाखिला लेने के लिए विद्यार्थी नहीं पहुंच रहे हैं। रविवार को भी जिले की सभी आईटीआई दाखिले के लिए खुलीं। इस दौरान तीन विद्यार्थियों ने दाखिला लिया।
ऐसे में स्टाफ पूरा दिन खाली बैठा रहा। नोडल आईटीआई में रविवार को स्टाफ सदस्य दिनभर विद्यार्थियों का इंतजार करते रहे। सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक दाखिला समिति के सदस्य आईटीआई में रहे, लेकिन विद्यार्थी नहीं पहुंचे। इस दौरान पूो दिन में सिर्फ तीन ही दाखिले किए गए। ऐसे में समिति सदस्यों ने तीसरी लिस्ट में स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को कॉल करके भी दाखिला लेने के लिए कहा, परंतु विद्यार्थियों ने रूचि नहीं दिखाई।
आईटीआई में प्रवेश का यह तीसरा चरण चल रहा है। तीसरी मेरिट लिस्ट में कुल 403 विद्यार्थियों को सीट अलॉट की गई थी। तीसरी सूची में अलॉट कुल सीट में से 200 खाली हैं। तीसरे चरण का अब सोमवार अंतिम दिन है और एक दिन में 200 विद्यार्थियों को दाखिला देना संभव नहीं है। ऐसे में इस चरण में भी अलॉट की गई में से कई सीट खाली रह जाएंगी। तीसरा चरण 18 जुलाई को शुरू हुआ था और 23 जुलाई को समाप्त होगा। परंतु इस दौरान दस्तावेजों की जांच 22 जुलाई तक की जाएगी। जबकि 23 जुलाई को फीस जमा करने का अंतिम दिन होगा।
आईटीआई में शनिवार व रविवार को छुट्टी होती है। परंतु निदेशालय ने दाखिले के लिए यह साप्ताहिक अवकाश रद्द कर दिए हैं। निदेशालय ने दोनों दिन संस्थान खोलने व विद्यार्थियों के दाखिले करने के आदेश दिए हैं। परंतु निदेशालय की योजना बिल्कुल भी काम नहीं आ रही है। चूंकि छ़ुट्टी के दिन विद्यार्थी नहीं आ रहे हैं। तीनों चरणों में यह देखने को मिला। इस दौरान शनिवार व रविवार को सबसे कम दाखिले किए गए।
पहले चरण में रविवार को मात्र सात दाखिले किए गए। दूसरे चरण में रविवार को नौ दाखिले किए गए। वहीं तीसरे चरण में रविवार को मात्र तीन ही दाखिले हुए। वहीं शनिवार को अपेक्षाकृत दाखिले कम हुए। तीनों चरणों में शनिवार को 20 से ज्यादा दाखिले नहीं हुए। अब सोमवार को तीसरे चरण की प्रक्रिया का अंतिम दिन है। तीसरे चरण की प्रक्रिया में पहले दिन 40, दूसरे दिन 123, तीसरे दिन 37 और चौथे दिन तीन दाखिले हुए हैं। इस चरण में कुल 403 विद्यार्थियों को सीट अलाॅट की गई है। इसमें से 203 सीटों पर दाखिला हो चुका है और 200 सीट अभी खाली हैं।
छुट्टी के कारण विद्यार्थी दाखिला लेने पहुंचे। निदेशालय के आदेशानुसार दाखिला समिति के सभी सदस्य ड्यूटी पर रहे। इस दौरान सिर्फ तीन विद्यार्थी पहुंचे, जिन्हें दाखिला दे दिया गया। सोमवार को तीसरे चरण की प्रक्रिया का अंतिम दिन है। फीस मंगलवार तक जमा की जाएगी। - दीपेश महेंद्रू, उपप्राचार्य, आईटीआई।