दो दिनों से जिले में सभी जगह न होकर कहीं-कहीं बारिश हो रही है। पिछले 24 घंटे में रादौर में 10 एमएम और जगाधरी में एक एमएम बारिश हुई है। जबकि पांच ब्लॉक में बारिश नहीं हुई। इसी तरह इससे एक दिन पहले सरस्वतीनगर, साढौरा व रादौर में औसतन 15 एमएम बारिश हुई थी। कहीं-कहीं बारिश होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे मौसम में उमस बढ़ गई है। गर्मी व उमस दोनों ही लोगों को परेशान कर रही हैं। हालांकि सोमवार शाम आसमान में बादल छाने से मौसम सुहावना हो गया। बारिश होने की संभावना बन गई, लेकिन देर रात तक बारिश नहीं हुई। 18 से 20 जुलाई तक बारिश होने व हवाएं चलने की संभावना जताई है।
गत सप्ताह पांच दिन तक लगातार बारिश होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा था। इतनी बारिश हुई थी कि लोग भगवान के आगे हाथ जोड़ कर बारिश नहीं होने की प्रार्थना करने लगे थे। उस बारिश का पानी अभी तक खेतों से उतरा नहीं है। फसलें अभी तक पानी में डूबी खड़ी हैं। जो खेत नदियों के आसपास थे उनमें पानी के साथ आया रेत फसलों पर चढ़ गया है। जिससे किसानों की फसलों को काफी नुकसान हुआ है। अभी भी किसान खेतों में जमा पानी को निकालने में लगे हैं ताकि फसलों को किसी तरह बचाया जा सके। अब एक बार फिर बारिश होने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है। लेकिन कहीं-कहीं हो रही बारिश लोगों को राहत देने की बजाय परेशानी ज्यादा बढ़ा रही है। वहीं खेत भी पानी से लबालब हैं। इसलिए धूप पड़ने से पानी भांप बनकर हवा में मिल रहा है। इससे मौसम में नमी की मात्रा बढ़ गई है। जिससे उमस होने लगी है। सोमवार को जिले का अधिकतम तापमान 32 व न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार को बारिश आने से इसमें दो से तीन डिग्री की गिरावट आने की संभावना है।
कृषि विज्ञान केंद्र दामला के समन्वयक डॉ. संदीप रावल ने बताया कि किसान खेतों में निकासी का प्रबंध करके रखें, ताकि बारिश का पानी खेत में रूके नहीं। काफी जगह अभी भी पहले हुई बारिश का पानी जमा है। इसलिए उचित निकासी होने से पानी खेत में जमा नहीं होगा। मौसम विभाग ने आज व कल बारिश की संभावना जताई है।