नगर निगम द्वारा वार्ड नंबर 12 की न्यू अप्रूव्ड कॉलोनी रूप नगर व तीर्थ नगर का 2.22 करोड़ की लागत से विकास किया जा रहा है। इन कॉलोनियों में इंटरलॉकिंग टाइलों से गलियों का निर्माण व पानी निकासी के लिए अंडरग्राउंड पाइप लाइन डाली जा रही है। शुक्रवार को मेयर मदन चौहान ने इन विकास कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कुछ गलियों में पानी निकासी के लिए डाले गए पाइप का ढलान सही दिशा में नहीं मिला। कुछ जगह मैनहोल के ढक्कन नहीं मिले। जिस पर मेयर मदन चौहान ने निगम अधिकारियों को संबंधित एजेंसी को नोटिस देने के निर्देश दिए। वहीं, कॉलोनी की बची हुई अन्य गलियों का निर्माण जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।
शहर की 69 न्यू एप्रूव्ड कॉलोनियों में निगम द्वारा करोड़ों रुपये के विकास कार्य किए जा रहे हैं। इन कॉलोनियों में पक्की गलियां, अंडरग्राउंड पाइप लाइन, सीवरेज लाइन व अन्य विकास कार्य किए जा रहे है। सभी कॉलोनियों में विकास कार्य प्रगति पर है। शुक्रवार को मेयर मदन चौहान पार्षद संजीव कुमार, एक्सईएन विकास धीमान, एमई मुनेश्वर भारद्वाज, जेई गोपाल सैनी, रामपाल व अन्य के साथ वार्ड 12 की न्यू अप्रूव्ड कॉलोनी रूप नगर में पहुंचे। यहां 2.22 करोड़ की लागत से गलियों का पक्का व पानी निकासी के लिए अंडरग्राउंड पाइप डाले जा रहे हैं। इस दौरान मेयर ने अधिकारियों के साथ कॉलोनी की हर गली का मुआयना किया। कॉलोनी के लोगों की समस्याएं भी सुनी। कुछ जगह मेनहोल बिना ढक्कन के मिले। जिन पर मेयर चौहान ने दो दिन में ढक्कन लगवाने के निर्देश दिए। वहीं, कुछ जगह पाइप लाइन का ढलान सही नहीं मिला। जिस पर एक्सईएन विकास धीमान को संबंधित एजेंसी को नोटिस देने के निर्देश दिए। मेयर चौहान ने कहा कि नगर निगम की ओर से शहर में करोड़ों रुपये के विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। शहर के विकास को लेकर निगम गंभीर है। करोड़ों रुपये के विकास कार्य अभी होने बाकी हैं। जिनके एस्टीमेट तैयार कर टेंडर लगाकर विकास कराया जाएगा।