संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिला सचिवालय स्थित जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी कार्यालय में एक व्यक्ति ने शपथ पत्र न देने पर टेबल पर रखी फाइल को फाड़ दिया। आरोप है कि उसने जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी और लेखपाल डीआईटीएस से अभद्रता की। अधिकारियों ने मामला डीसी के संज्ञान में लाया। डीसी ने आरोपी पर केस दर्ज करने के आदेश दिए। सेक्टर-17 थाना पुलिस ने आरोपी लक्ष्मी नगर कैंप निवासी अरुण कुमार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी विनय गुलाटी ने बताया कि लक्ष्मी नगर कैंप निवासी अरुण कुमार ने आठ नवंबर को कार्यालय में शपथ पत्र जमा करवाया था। वह 13 नवंबर को कार्यालय में लेखपाल डीआईटीएस से शपथ पत्र लेने के लिए आया था। उसने लेखपाल डीआईटीएस से शपथ मांगा, लेकिन लेखपाल डीआईटीएस ने उसको शपथ पत्र देने से मना कर दिया।
इसके बाद वह उसके पास आया। उसने लेखपाल डीआईटीएस को भी वहीं बुला लिया। उसने आरोपी को बताया कि उसका शपथ पत्र कार्यालय में रिकार्ड में दाखिल हो गए है। आरोप है कि इस दौरान आरोपी अरुण उनके साथ बहस करने लगा। आरोपी ने उनसे अभद्रता की और शपथ देखने के बहाने टेबल पर रखी फाइल उठा ली।
इससे पहले वह कुछ समझ पाते आरोपी ने उनके सामने ही फाइल को तुरंत फाड़ दिया। फाइल में प्रार्थना पत्र व शपथ पत्र थे। जो कि कार्यालय के रिकार्ड में दाखिल हो गए थे। इसके बाद आरोपी उन्हें धमकाता हुआ वहां से चला गया। इस बारे में उन्होंने तुरंत उपायुक्त को अवगत कराया। उपायुक्त ने आरोपी पर केस दर्ज कराने को कहा। सेक्टर 17 थाना प्रभारी जसमेर गुलिया का कहना है कि आरोपी पर केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।