जगाधरी।थाने गए दलित समाज के व्यक्ति ने एक पुलिस कर्मी पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया। व्यक्ति से अभद्र व्यवहार करने से खफा दलित समाज के लोगों ने लघु सचिवालय में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। वहीं पुलिस कर्मचारी के खिलाफ एसपी को शिकायत दी।
लोग पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर रामपाल के नेतृत्व में लघु सचिवालय पहुंचे थे। इस दौरान रामपाल व अन्यों ने बताया कि थाना शहर जगाधरी तैनात पुलिस कर्मी ने समाज के लोगों से अभद्र व्यवहार करने, गालियां देने, थप्पड़-मुक्के मारने, बेइज्जत करके थाने से निकालने, झूठे केस में फंसाने, जान से मारने की धमकियां देने व जाति सूचक शब्द कहने के बारे एसपी को शिकायत दी है। इस दौरान लोगों ने पुलिस कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। लोगों ने कहा कि पुलिस कर्मी लोगों पर वर्दी का रौब देकर धमकाता है। यदि कोई विरोध करता है तो उसे झूठे केस में फंसाकर जेल में बंद करने की धमकी देता है। शिकायतकर्ता बलविंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस कर्मी ने लोगों से अभद्रता की और जाति सूचक शब्द कहे। वहीं लोगों को झूठा केस बनाकर जेल में बंद करने की धमकी दी। इस दौरान लोगों ने कहा कि यदि शिकायत पर कार्रवाई नहीं की गई तो थाने में धरना देकर प्रदर्शन किया जाएगा।