दहेज प्रताड़ना के आरोप में विवाहिता ने ससुराल पक्ष के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी है।
विवाहिता ने आरोप लगाया कि दहेज में महंगा सामान न मिलने पर ससुरालियों ने उसके साथ मारपीट की और घर से निकाल दिया।
पुलिस ने शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
गुलाब नगर निवासी निशा ने थाना शहर जगाधरी पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी नवंबर 2013 में गांव बीहटा केसरी निवासी काला के साथ हुई थी।
शादी में उसके मायके वालों ने सभी जरूरी घरेलू सामान दिया था। लेकिन ससुराल वाले इससे खुश नहीं थे।
शादी के कुछ दिन बाद ही ससुरालियों ने दहेज के लिए ताने देने शुरू कर दिए।
पहले तो वह इसे सहन करती रही, लेकिन जब उसने इसका विरोध किया तो उसके पति काला ने मेहरचंद और अमर कुमार के साथ मिलकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और पीट-पीटकर घर से निकाल दिया।
पुलिस ने निशा की शिकायत पर आरोपी पति सहित तीन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।