जगाधरी। हरियाणा रजक महासभा जगाधरी की ओर से संत गाडगे महाराज की जयंती पर जगाधरी अनाजमंडी में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर निगम महापौर मदन चौहान मुख्य अतिथि रहे।
उन्होंने ने संत गाडगे के चित्र पर पुष्प अर्पित कर व दीप प्रज्वलित कर गाडगे महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने महान समाज सुधारक संत गाडगे महाराज की जयंती की सबको बधाई दी और उन्हें नमन किया। मेयर मदन चौहान ने कहा कि संत गाडगे महाराज ने अपना सारा जीवन एक सच्चे निष्काम कर्मयोगी बनकर व्यतीत किया। उन्होंने अनेक धर्मशालाएं, गौशालाएं, विद्यालय, चिकित्सालय तथा छात्रावास का निर्माण कराया। लेकिन अपने लिए एक कुटिया तक नहीं बनवाई। ऐसे महान संत को कोटि नमन। उन्होंने कहा कि संत गाडगे महाराज का बलि प्रथा पर प्रतिबंद लगवाने में अहम योगदान है। उन्होंने समाज में फैली अनेक कुरीतियों का विरोध किया और उन्हें बंद करवाने में अपना योगदान दिया। हमें भी उनके मूल सिद्धांतों पर चलकर समाज को एकसूत्र में पिरोने, शिक्षा पर जोर देने व समाज को ऊपर उठाने में अपना योगदान देना चाहिए। इस दौरान उन्होंने बिलासपुर में बनी रजक समाज की धर्मशाला का और विस्तार कराकर समाज के हित में कार्य करने का आह्वान किया। मौके पर संजय चौहान, रमेश चौहान, सतीश चौहान, अमित चौहान, शंटी चौहान, यीशू चौहान, सचिन, गौरव आदि मौजूद रहे।