सढौरा। अंबाला और पंचकूला सीएम फ्लाइंग की संयुक्त टीम ने सोमवार शाम गांव पंमूवाला में छापेमारी कर पंचायती जमीन पर अवैध खनन के मामले का पर्दाफाश किया। कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से एक जेसीबी मशीन को कब्जे में लिया, जिसे बाद में थाना सढौरा में खड़ा करवा दिया गया।
सीएम फ्लाइंग टीम के निरीक्षक राजेश कुमार, सह उपनिरीक्षक जनकराज और परमिंदर सिंह टीम के साथ गांव पंमूवाला पहुंचे। मौके पर जांच करने पर टीम को पंचायती जमीन में खुदाई के तीन बड़े गड्ढे मिले, जिससे अवैध खनन की पुष्टि हुई। थोड़ी दूरी पर एक जेसीबी मशीन खड़ी पाई गई, जिसका टायर पंचर था।
जांच के दौरान जेसीबी के पंजे पर रेत लगी मिली, जिससे स्पष्ट हुआ कि इसी मशीन का उपयोग अवैध खनन के लिए किया जा रहा था। टीम के अनुसार, पंचर होने के कारण जेसीबी को मौके पर ही छोड़ दिया गया था।
इसी दौरान गांव निवासी अकबर मौके पर पहुंचा और उसने जेसीबी को अपना बताया। टीम ने तुरंत खनन रक्षक साहिल को मौके पर बुलाया, जिन्होंने पूरे मामले का जायजा लिया और आगामी कार्रवाई शुरू कर दी।प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पंचायती जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। संवाद