अंबाला कैंट से पुरानी दिल्ली तक जाने वाली गाड़ी संख्या 14522 (इंटरसिटी एक्सप्रेस) का मुस्तफाबाद रेलवे स्टेशन पर ठहराव की मांग को लेकर भाकियू व ग्रामीणों ने स्थानीय स्टेशन अधीक्षक को मंडल रेल प्रबंधक के नाम ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष संजू गुंदियाना के नेतृत्व में सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से भाकियू व किसानों ने चेतावनी देते हुए कहा यह अंतिम ज्ञापन दिया जा रहा है यदि दो सप्ताह के भीतर 14522 गाड़ी का ठहराव नहीं हुआ तो वे रेलवे ट्रैक को जाम करेंगे।
ज्ञापन देने के दौरान भाकियू जिलाध्यक्ष संजू गुंदियाना, मोहिंद्र सिंह, रणजीत सिंह राणा, सरपंच प्रतिनिधि सतपाल कुमार, धर्मपाल, रितेश, सुरेंद्र कुमार, सतीश कुमार, सुरेश कुमार ने कहा कि वे 30 जून 2023 को रादौर विधायक बिशन लाल सैनी के नेतृत्व में डीआरएम ऑफिस में जाकर गाड़ी संख्या 14522 का मुस्तफाबाद रेलवे स्टेशन पर ठहराव करने की मांग की थी, तब डीआरएम ने इस समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया था। लेकिन फिर इस गाड़ी का ठहराव नहीं हो पाया। बता दें कोरोना काल से पहले इस गाड़ी का मुस्तफाबाद रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन का ठहराव था। लेकिन कोरोना काल के दौरान यह गाड़ी बंद हो गई थी। मौजूदा समय में यह गाड़ी चल रही, लेकिन मुस्तफाबाद रेलवे स्टेशन पर ठहराव नहीं है जिसके चलते यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में भाकियू व ग्रामीणों ने इस गाड़ी के ठहराव की मांग की है।