यमुनानगर। जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह के आयोजन के लिए शुक्रवार को नई अनाज मंडी जगाधरी में पूर्वाभ्यास किया गया। एसडीएम विश्वनाथ ने बताया कि फुल ड्रेस रिहर्सल 24 जनवरी को सुवह 10 बजे नई अनाज मंडी जगाधरी के प्रांगण में होगी।
गणतंत्र दिवस पर सुबह 10 बजे तेजली खेल परिसर में हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। उन्होंने बताया कि यदि गणतंत्र दिवस पर बरसात हुई तो कार्यक्रम नई अनाज मंडी जगाधरी में होगा। मार्च पास्ट में जिला पुलिस, जिला महिला पुलिस, गृह रक्षी विभाग की टूकड़ी के साथ-साथ एनसीसी की टुकड़िया, गर्ल्स गार्डस और स्काउट तथा स्कूली बच्चों का बैंड शामिल होगा। इसके अलावा सूर्य नमस्कार किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नेशनल पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा अनेकता में एकता थीम पर प्रस्तुति, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पुरानी सब्जी मंडी के विद्यार्थियों द्वारा हरियाणवी नृत्य, होली मदर पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति पर आधारित कोरियोग्राफी, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जगाधरी के विद्यार्थियों द्वारा गिद्दा, गुर्जर कन्या विद्या मंदिर देवधर के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता पर आधारित नाटक मंचन की रिहर्सल की जा रही है। इसके अतिरिक्त उपमंडल स्तर पर भी गणतंत्र दिवस के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।