संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। पाकिस्तान की तरफ से किए जाने वाले संभावित हमले को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया है। यहां तक की डॉक्टरों व स्टाफ की छुट्टियां तक रद्द कर दी गई हैं। सीमा पर भले ही इमरजेंसी लगी हो, लेकिन जिला नागरिक अस्पताल में आईसीयू पर ताला लटका है।
वहीं 200 बेड का चार मंजिला अस्पताल दो साल से बिना आईसीयू के चल रहा है। ऐसे में युद्ध होता है और लोगों को आपात स्थिति में अस्पताल ले जाने की जरूरत पड़ी तो स्वास्थ्य विभाग को आईसीयू के लिए निजी अस्पतालों पर निर्भर रहना पड़ेगा। अस्पताल में मरीजों के लिए असंख्य कमरे व डॉक्टरों के लिए केबिन हैं। यहां ट्रामा सेंटर है।
चार-चार ऑपरेशन थियेटर हैं। मरीजों के चौथे तल पर जाने और आने के लिए एक दर्जन से ज्यादा लिफ्ट लगी हैं। इतना सबकुछ है, लेकिन आईसीयू नहीं है। आईसीयू न होने से मरीज परेशान हैं। अस्पताल में भर्ती मरीज की तबीयत थोड़ी सी खराब हुई नहीं की उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया जाता है। जब तक मरीज पीजीआई पहुंचता है तब तक वह जान से हाथ धो बैठता है या फिर हालत इतनी खराब हो जाता है कि वहां के डॉक्टर भी जान बचने की कोई गारंटी नहीं दे पाते। जिला अस्पताल में आईसीयू शुरू करने की प्रक्रिया एक साल पहले शुरू हुई थी, परंतु बात आगे नहीं बढ़ पाई।
ऑपरेशन थियेटर के सामने आईसीयू वार्ड बनाकर इसमें छह वेंटिलेटर रख दिए गए थे। तब से लेकर आज तक इस पर ताला लटका हुआ है। पहले कहा जा रहा था कि आईसीयू में वेंटिलेटर चलाने के लिए फिजिशियन नहीं है। अब एक फिजिशियन आ चुका है फिर भी यह शुरू नहीं हो पाया। इंटर्नविस्ट, मेडिकल ऑफसर, चतुर्थ श्रेणी स्टाफ नहीं है।
वहीं वेंटिलेटर के लिए सबसे जरूरी मल्टीपैरामीटर मॉनिटर, इंफ्लूजन पंप जैसे जरूरी उपकरणों के साथ-साथ इमरजेंसी में इस्तेमाल होने वाली दवाइयां भी नहीं है। आईसीयू के लिए पांच एनेस्थेटिस्ट व पांच ही मेडिकल ऑफिसर चाहिए जो नहीं हैं। वेंटिलेटर के लिए अन्य उपकरणों की डिमांड मुख्यालय भेजी गई थी, लेकिन वहां से कोई जवाब नहीं आया।
आईसीयू चलाने के लिए जरूरी उपकरण व स्टाफ चाहिए। सीएसआर के तहत जरूरी मेडिकल उपकरण मिलने हैं जिनके जल्द आने की उम्मीद है। इसके अलावा अन्य प्रबंध भी किए जा रहे हैं। प्रयास किया जा रहा है कि जल्द आईसीयू को शुरू कर दिया जाए। -डॉ. अनूप गोयल, डिप्टी सिविल सर्जन यमुनानगर।