साढौरा। डॉ. अंबेडकर एजूकेशन ट्रस्ट द्वारा संचालित एकेडमी में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश वित्त आयुक्त राजस्व रहे करतार सिंह भौरिया पूर्व आईएएस ने आईएएस की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को टिप्स प्रदान किए। उन्होंने कहा कि एकाग्रता लगन व कड़ी मेहनत से किसी भी मंजिल को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पिछड़े क्षेत्र में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। अगर उनको सही ढंग से मार्गदर्शन दिया जाए तो वह किसी भी मुकाम को प्राप्त कर सकती है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य पर नजर रखते हुए एक तपस्वी की भांति पढ़ाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब मेहनत एवं लगन से कार्य किया जाता है तो परिस्थितियां अपने अनुकूल स्वयं ही बन जाती है। एकेडमी के संचालक पूर्व उद्योग मंत्री डॉ. कृपाराम पूनिया ने बताया कि केएस भौरिया की ज्योग्राफी विषय पर अच्छी पकड़ है। वह इस विषय के विशेषज्ञ भी रहे हैं। पूर्व जिला राजस्व अधिकारी ओपी रंगा ने बताया कि केएस भौरिया ने अपने अनुभव के आधार विद्यार्थियों को अनेक महत्वपूर्ण बातों की जानकारी प्रदान की। मौके पर पूर्व जिला आटार्नी सुरेंद्र पूनिया, जसवंत सिंह, प्राध्यापक भूपेंद्र सैनी सहित प्राध्यापक व विद्यार्थी मौजूद रहे।