साढौरा थाना क्षेत्र के गांव सलेमपुर में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी से मारपीट कर तीन तलाक बोल घर से निकाल दिया। पीड़िता ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत पर आरोपी समेत दो लोगों पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
एक गांव निवासी महिला ने साढौरा पुलिस थाने में दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी जनवरी 2014 में सलेमपुर निवासी व्यक्ति के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही आरोपी उसके साथ मारपीट करने लगा। कई बार उसके मायके वालों ने आरोपी को समझाया मगर उसके बाद फिर से आरोपी उसके साथ मारपीट करने लगता। पीड़िता का आरोप है कि उसका देवर उसके पति की जमीन व जायदाद हड़पना चाहता है। वह उसके पति को उसके खिलाफ भड़काता है। आरोप है कि एक दिन उसने उसके पति को उसके खिलाफ भड़काया। जिसके बाद उसके पति ने उसके साथ मारपीट की। इस दौरान उसके पति ने उसे तीन तलाक बोलकर घर से निकाल दिया। उसने कहा कि यह गैर कानूनी है। अब तीन तलाक मान्य नहीं है तो आरोपी उसपर भड़कता हुआ बोला, वह उसे नहीं रख सकता। किसी तरह वह मायके पहुंची और घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद उसके आरोपी पति व देवर के खिलाफ मारपीट व मुस्लिम वुमैन प्रोटेक्शन एक्ट के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।