संवाद न्यूज एजेंसीयमुनानगर। प्रेमिका के अन्य युवक के साथ भागकर शादी रचाने से आहत युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका शव शादीपुर में सरकारी स्कूल के सामने मकान में फंदे से लटका मिला। मृतक के पास से सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें उसने अपनी प्रेमिका व उसके पिता पर आत्महत्या के लिए उकसाने की बात लिखी है। पुलिस ने आरोपी युवती व उसके पिता पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक रजत के पिता अशोक कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पब्लिक हेल्थ के ट्यूबवेल पर ऑपरेटर है। उसका लड़का रजत कुमार उर्फ रिषभ शहर की एक कॉलोनी की युवती से एक साल से प्यार करता था। यह बात युवती के पिता को भी पता थी। 11 मार्च को युवती बिना बताए अपने घर से चली गई।
तब युवती के पिता ने उसके बेटे पर युवती को अगवा करने का आरोप लगाकर गांधी नगर थाना में शिकायत दी थी। इस पर पुलिस ने उसके बेटे रजत को पूछताछ के लिए थाना गांधीनगर में बुलाया था। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसके बेटे को छोड़ दिया था। तभी से उसका बेटा परेशान रहने लग गया था।
बाद में हमें पता चला कि आरोपी युवती ने किसी अन्य युवक के साथ भागकर शादी कर ली है। जब उसके लड़के रजत कुमार को इस बारे में पता चला तो वह आहत हो गया। बेटे रजत ने उनके गांव के ही विरेंद्र कुमार के शादीपुर स्थित मकान पर जाकर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जांच करने पर उसके पास से सुसाइड नोट बरामद हुआ। युवती व उसके पिता के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज जांच शुरू कर दी।