जिला सचिवालय में डीसी प्रीति अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए। डीआईपीआरओ
यमुनानगर। एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन के माध्यम से गर्भाशय कैंसर जैसी गंभीर बीमारी पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। यह बात उपायुक्त प्रीति ने जिला सचिवालय के सभागार में आयोजित टीबी मुक्त पंचायत अभिनंदन कार्यक्रम के दौरान कही। उन्होंने अधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों और सरपंचों को संबोधित करते हुए वैक्सीनेशन के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।
उपायुक्त ने बताया कि एचपीवी संक्रमण महिलाओं में गर्भाशय कैंसर का प्रमुख कारण है, लेकिन समय पर टीकाकरण से इससे बचाव संभव है। उन्होंने कहा कि यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित और प्रभावी है तथा किशोरियों के स्वास्थ्य संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। सरकारी अस्पतालों में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को यह वैक्सीन नि:शुल्क उपलब्ध कराई जा रही है, जबकि अन्य आयु वर्ग के लोग भी चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार इसका लाभ ले सकते हैं। स्वास्थ्य केंद्रों पर टीकाकरण से संबंधित सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से अपील की कि वे गांवों में बैठकों, स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से लोगों को जागरूक करें, ताकि अधिक से अधिक बालिकाएं इस अभियान से जुड़ सकें। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही इस अभियान को सफल बनाया जा सकता है और सरपंच इसमें अहम भूमिका निभा सकते हैं। कार्यक्रम में उपायुक्त ने टीबी के प्रति भी जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि इस बीमारी से प्रभावित व्यक्ति को घबराने के बजाय सकारात्मक सोच के साथ उपचार कराना चाहिए। संवाद