वार्ड पार्षदों को दो नवंबर की सदन बैठक बताकर प्रस्ताव मांगे गए, पर अभी तक उन्हें एजेंडे की प्रति नहीं मिली है। विभागीय सूत्रों के मुताबिक नगर निगम अफसर अभी एजेंडा तैयार भी नहीं कर पाए हैं। जबकि बैठक में पांच दिन शेष हैं। वार्ड पार्षदों की मानें तो बैठक से सात दिन पहले एजेंडे की प्रति मिलनी चाहिए, पर हर बार इस नियम का मखौल हो रहा है। इस मुद्दे को पार्षद दो नवंबर की सदन बैठक में उठाने की तैयारी में हैं। नगर निगम की जमीनों की निशानदेही व वार्डों में मांग मुताबिक काम न होने सहित मौजूदा स्ट्रीट लाइट, सफाई, निकासी व्यवस्था से भी पार्षद नाराज हैं, जिसका वह बैठक में विरोध दर्ज कराने का मन बना चुके हैं। इस तरह मौजूदा सदन के कार्यकाल की आखिरी मानी जा रही बैठक में हंगामे के आसार हैं। बता दें कि नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी के मौजूदा सदन में सात जनवरी 2019 को मेयर व 22 वार्ड पार्षदों के शपथ ग्रहण की थी, जिनका पांच साल का कार्यकाल सात जनवरी 2024 को खत्म हो रहा है। यानी करीब दो माह का कार्यकाल ही शेष है। इसी बीच नगर निगम की ओर से वार्ड पार्षदों को दो नवंबर की सदन बैठक बताकर प्रस्ताव लिए गए हैं। इसे कार्यकाल की आखिरी बैठक माना जा रहा है, इसलिए वार्डों के पार्षद नए प्रस्ताव देने के साथ पूरे कार्यकाल के मुद्दे भी बैठक में उठाने की तैयारी कर रहे हैं।
वार्ड तेरह से निर्मल चौहान ने कहा कि दो नवंबर की सदन बैठक बताकर प्रस्ताव लिए गए, पर अभी तक एजेंडे की प्रति पार्षदों को नहीं भेजी गई। जबकि बैठक से सात दिन पहले यह प्रति पार्षदों को मिलनी चाहिए, पर हर बार इस नियम का मखौल हो रहा है। यह सदन के कार्यकाल की आखिरी बैठक हो सकती है, इसलिए नए प्रस्ताव पास कराने के साथ पूरे कार्यकाल के मुद्दे भी रखेंगे। मेयर व अफसरों से पूछेंगे कि गठन से लेकर अभी तक नगर निगम की जमीनों की पहचान क्यों नहीं हो पाई?, साथ ही वार्डों में मांग मुताबिक विकास कार्य न होने सहित बिगड़ी सफाई, स्ट्रीट लाइट व निकासी व्यवस्था की भी वजह पूछी जाएगी।
वार्ड तीन से हरमीन कोहली ने कहा कि वार्ड की 50 प्रतिशत क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था ठप है। यहां लाइटें बंद या खराब हैं या कई बार मांग करने पर भी लग नहीं पाई। खराब लाइटों की समस्या लेकर अभी एक्सईएन के पास गए थे, तब एक्सईएन के फोन करने पर एसडीओ ने सामान न होने बात नहीं कही, पर जब एसडीओ के पास गए, तब उन्होंने सामान न होने का तर्क दे दिया। इसी तरह पूरे कार्यकाल अफसर बार-बार सामान न होने की बात कहते रहे। जबकि एक बार सदन बैठक के बीच मोमबत्ती दिखाकर विरोध भी दर्ज करवा चुके हैं। अब दोबारा यही मुद्दा सदन बैठक में रखेंगे।
वार्ड आठ से पार्षद विनोद मरवाह ने कहा कि त्योहारी सीजन चल रहा है, तब भी शहर में जगह-जगह गंदगी नजर आ रही है। इस पर सदन बैठक में आपत्ति दर्ज कराएंगे, क्योंकि सफाई पर नगर निगम की ओर से करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, बावजूद इसके सफाई व्यवस्था बेहतर नहीं हो पा रही है। इसी तरह त्योहारी सीजन के बीच मुख्य मार्गों व बाजारों में पर्याप्त स्ट्रीट लाइट न होने से अंधेरा है। यह मुद्दा भी सदन बैठक में रखेंगे। क्योंकि दिवाली रोशनी का पर्व है, इसलिए इस पर नगर निगम की ओर से पूरे शहर में पर्याप्त रोशनी की जानी चाहिए।