राज्यस्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में सिविल लाइन जगाधरी निवासी हितांशी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक प्राप्त किया है। राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में पदक जीतने के बाद हितांशी का चयन राष्ट्रस्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है।
राज्यस्तरीय प्रतियोगिता हरियाणा तैराकी संघ ने बहादुरगढ़ में 29 जून से दो जुलाई तक करवाई थी। प्रतियोगिता में शहर की हितांशी ने सब जूनियर वर्ग में भाग लिया था। प्रतियोगिता की बटरफ्लाई स्ट्रॉक श्रेणी में हितांशी ने रजत पदक जीता। हितांशी ने जगाधरी क्लब और संत निश्चल सिंह स्वीमिंग एकेडमी से प्रशिक्षण लिया है।
जिला तैराकी संघ के महासचिव एवं हितांशी के कोच अनिल शर्मा ने बताया कि हितांशी ने जिलास्तरीय प्रतियोगिता के सब जूनियर वर्ग में प्रदर्शन करते हुए राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में स्थान बनाया था। राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में रजत पदक जीतने के साथ हितांशी ने राष्ट्रस्तरीय प्रतियोगिता में अपना स्थान पक्का कर लिया है।
पिता संदीप ने बताया कि हितांशी प्रतिदिन दो से तीन घंटे सुबह शाम अभ्यास करती है। इसके अलावा उसे पढ़ने व खेलने का भी शौक है। संत निश्चल सिंह पब्लिक स्कूल के सचिव डाॅ. रूपिंद्र बतरा ने हितांशी, अभिभावको व कोच को जीत पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि हितांशी ने अपने साथ माता-पिता, स्कूल व जिले का नाम रोशन किया है। उसे स्कूल में सम्मानित किया जाएगा।