संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। नगर निगम की स्वच्छ भारत मिशन की टीम ने शुक्रवार को वार्ड 22 के राजकीय उच्च विद्यालय गोविंदपुरी में जीरो वेस्ट स्कूल विषय पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर हिना, द्वितीय स्थान पर सुमन और तृतीय स्थान पर श्रुति कुमारी रहीं।
प्रतियोगिता में 100 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपने निबंधों के माध्यम से स्वच्छ, सुंदर और कचरा मुक्त विद्यालय बनाने के महत्व को उजागर किया। कार्यक्रम के दौरान मिशन के एक्सपर्ट आकाश कुमार ने विद्यार्थियों को कचरे का स्रोत पर पृथक्करण, चार-बिन व्यवस्था, कचरे के उचित निस्तारण तथा रिड्यूस, रीयूज और रीसाइकिल के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
उन्होंने बताया कि दैनिक जीवन में छोटी-छोटी आदतों में बदलाव करके कचरे की मात्रा को कम किया जा सकता है और विद्यालय को जीरो वेस्ट मॉडल के रूप में विकसित किया जा सकता है। विजेता विद्यार्थियों को एसबीएम टीम की ओर से उपहार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में ग्रीन कमेटी का भी गठन किया गया। कमेटी में रितेश को अध्यक्ष, श्रुति को उपाध्यक्ष, गरिमा को सचिव, हीना सह सचिव और राजकुमार को कोषाध्यक्ष बनाया गया। सदस्यों को विद्यालय परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, कचरे का स्रोत पर पृथक्करण सुनिश्चित करने, चार-बिन व्यवस्था को बढ़ावा देने, सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से बचने के प्रति जागरूकता फैलाने की जिम्मेदारी सौंपी गई।