यमुनानगर। वार्ड-13 की जम्मू कॉलोनी में शहीद रॉकी के सम्मान में बने हर्बल पार्क की तस्वीर छह वर्षों में भी नहीं बदल पाई है। हालात यह हैं कि पार्क में पीने को पानी व शाम के बाद रोशनी के लिए लाइट नहीं है। साथ ही झूले व फुटपाथ टूटे हैं।
ये देख निवासी यहां टूटे झूले व फुटपाथ दुरुस्त कर पेयजल व लाइट सुविधा की मांग कर रहे हैं। साथ ही उनकी मांग है कि पॉश क्षेत्र के पार्कों जैसे यहां भी बच्चों के प्ले स्टेशन लगाए जाएं। यह पार्क बिलासपुर के गांव रामगढ़ से बीएसएफ जवान रॉकी की याद में बनाया गया है। रॉकी पांच अगस्त 2015 को जम्मू क्षेत्र आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में शहीद हुए थे। उस समय उन्होंने 40 से अधिक बीएसएफ जवानों की जान बचाई थी।
उल्लेखनीय है कि शहीद रॉकी के सम्मान में आठ जून 2018 को नगर निगम यमुनानगर जगाधरी सदन की बैठक में जम्मू कॉलोनी में पार्क का प्रस्ताव मंजूर किया था। सदन में मंजूरी पर कॉलोनी में पार्क बनाने को एक एकड़ जमीन चिह्नित की गई, जहां पिछले प्लान के मंजूर एमसी फंड से चहारदिवारी बनाकर एक लाइट लगाई गई। इसके बाद फुटपाथ बनाने सहित चुनिंदा बच्चों के झूले लगे फिर ओपन जिम लगा लेकिन अभी भी कई काम बाकी हैं, जिसके चलते यहां आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पार्क की हर सुविधा के लिए लड़ी लड़ाई
वार्ड से निवर्तमान कांग्रेसी पार्षद निर्मल चौहान ने बताया कि सरकार या उसका सिस्टम शहीद को सम्मान देने में गंभीर नहीं है। होना यह चाहिए था कि सरकार शहीद रॉकी के नाम पर खुद जिले में बड़ा पार्क विकसित कराती, लेकिन ऐसा नहीं किया। तब उन्होंने जून 2018 में हुई सदन की बैठक में शहीद रॉकी के नाम पर हर्बल पार्क मंजूर कराया। उसके बाद भी पार्क में हर सुविधा के लिए लड़ाई लड़ी। जिनके लिए सदन बैठकों में प्रस्ताव देने सहित अफसरों को बार-बार मौखिक व लिखित में लिखकर देना पड़ा। कभी कार्यों के अनुमान बनाने तो कभी टेंडर लगाने व अलॉट करने में पार्क में हुए काम पूरे होने में भी वर्षों लग गए, वहीं कई काम पूरे नहीं हो पाए। एक काम ठेकेदार बीच में छोड़ गया, जिस पर अफसरों ने कार्रवाई नहीं की।
पेयजल व लाइट सुविधा जरूरी-
रेखा ने बताया कि पार्क में सफाई कराने व पौधे लगाने और देखभाल का जिम्मा कॉलोनी की स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने संभाल रखा है। इसलिए नगर निगम से सिर्फ पार्क में विकास कार्य कराने की मांग है। जिसमें अभी बड़ी जरूरत पार्क में पेयजल व लाइट व्यवस्था की है क्योंकि पार्क में आने वाले लोगों को पीने का पानी नहीं मिल पाता और शाम बाद लाइट न होने से पार्क में अंधेरा छा जाता है। अंधेरे में अनहोनी का भय रहता है। नगर निगम की ओर से जल्द से जल्द पार्क में पेयजल व लाइट की सुविधा दी जानी चाहिए।
पार्क के फुटपाथ जर्जर
पूजा ने कहा कि पार्क में टूटे फुटपाथ व झूले ठीक कराए जाने चाहिए, अन्यथा यह दुर्घटना की वजह बन सकते हैं। साथ ही पार्क में बच्चों के मनोरंजन के लिए प्ले स्टेशन लगाए जाने चाहिए, क्योंकि शहर के पॉश क्षेत्र के पार्कों में भी बच्चों के लिए प्ले स्टेशन लगे हैं, उसी तर्ज पर शहीद रॉकी हर्बल पार्क में भी इन्हें लगाए जाने की मांग है। साथ ही पार्क का नया गेट व नाम बोर्ड भी लगाया जाना चाहिए।
इस बारे में संबंधित अफसर को दिशा निर्देश देंगे। जहां जो कमी है, उसे दूर करने का प्रयास रहेगा।
- आयुष सिन्हा, आयुक्त, नगर निगम।