यमुनानगर। चालान से बचने के लिए कुछ भारी वाहन चालक नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ कर सड़कों पर वाहन दौड़ा रहे हैं। मुख्य मार्गों के साथ गुमथला क्षेत्र में भी ऐसे भारी वाहनों की आवाजाही देखी जा रही है। कई वाहनों पर नंबर प्लेट लगी नहीं है, जबकि कुछ चालक नंबर प्लेट के अंकों को मिटाकर या मिट्टी से ढककर वाहन चला रहे हैं। आरटीए की ओर से अगस्त माह में ओवरलोडिंग और यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 133 चालान किए गए। इन चालानों से करीब 55 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। इनमें 53 चालान ओवरलोड वाहनों के किए गए हैं। विभाग की कार्रवाई के बावजूद भारी वाहनों के चालकों की ओर से नियमों की अनदेखी जारी है।
कार्रवाई के दौरान ऐसे करीब 15 भारी वाहन भी सामने आए, जिनकी नंबर प्लेट नहीं लगी थी या नंबर प्लेट से संबंधित नियमों का उल्लंघन पाया गया। विभाग की ओर से ऐसे वाहनों को बिना नंबर प्लेट लगाए छोड़ा नहीं जा रहा है। कार्रवाई पूरी होने और नंबर प्लेट लगने के बाद ही वाहनों को छोड़ा जा रहा है।
वहीं प्रताप नगर, व्यासपुर और रादौर क्षेत्र में बिना नंबर के वाहन धड़ल्ले से दौड़ रहे हैं। गुमथला क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश लगातार बना हुआ है। इस मार्ग पर बड़े वाहनों की आवाजाही के कारण यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए ऐसे वाहनों की जांच और नंबर प्लेट की स्थिति पर निगरानी जरूरी है। संवाद
हादसा होने पर पहचान करने में आएगी दिक्कत
नंबर प्लेट मिटाकर या उसे मिट्टी से ढककर वाहन चलाना गंभीर चिंता का विषय है। किसी हादसे, वाहन से टक्कर या अन्य घटना के बाद यदि नंबर स्पष्ट नहीं हुआ तो वाहन की पहचान करने में पुलिस को परेशानी होती है।
बिना नंबर प्लेट वाहनों पर कार्रवाई की जा रही है। जब तक वाहनों पर नंबर प्लेट नहीं लगती, तब तक वाहनों को नहीं छोड़ा जा रहा है। बिना नंबर प्लेट वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी। - हैरतजीत कौर, परिवहन अधिकारी यमुनानगर।
आरटीए कार्यालय में अधूरे नंबर के साथ खड़ा ट्रक। संवाद