वकीलों की हड़ताल से डेहा बस्ती मामले की सुनवाई टलीयमुनानगर। डेहा बस्ती में सरकारी भूमि से अवैध कब्जे हटाने की नगरपालिका की कार्रवाई के खिलाफ दायर याचिकाओं पर बुधवार को विभिन्न अदालतों में सुनवाई नहीं हो सकी। लीगल एड डिफेंस काउंसिल नीति के विरोध में जिला बार एसोसिएशन की हड़ताल और नो वर्क डे के कारण अदालतों का नियमित कामकाज प्रभावित रहा। ऐसे में कब्जाधारियों की ओर से दायर याचिकाओं पर सुनवाई टल गई और अदालतों ने सभी मामलों में अगली तारीख निर्धारित कर दी गई है। प्रभावित लोगों ने नगरपालिका की कार्रवाई पर रोक और राहत की मांग करते हुए अलग-अलग अदालतों में याचिकाएं दायर की हैं। नगरपालिका प्रशासन का कहना है कि अब तक किसी भी अदालत ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पर स्थगन आदेश जारी नहीं किया है। वहीं, नगरपालिका की ओर से खाली कराई गई सरकारी भूमि पर मलबा हटाने और तारबंदी का कार्य पहले की तरह जारी है, ताकि दोबारा अतिक्रमण न हो सके। संवाद