संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने ऑनलाइन धोखाधड़ी के आरोप में जगाधरी के विशाल नगर निवासी सचिन अरोड़ा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की शिकायत एएसआई बलदेव सिंह ने पुलिस को दी थी।
साइबर क्राइम थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी मोबाइल नंबर से साइबर ठगी करता था। वह बसों में सफर करने वाले यात्रियों को अपनी बातों में फंसाता था। आरोपी यात्रियों से कहता था कि उसके पास नकदी नहीं है और उसे तत्काल पैसे की जरूरत है। इसके बाद वह यात्रियों से नकद रुपये ले लेता था और बदले में ऑनलाइन भुगतान करने की बात कहता था। आरोप है कि नकदी लेने के बाद आरोपी यात्रियों को ऑनलाइन भुगतान किए जाने का फर्जी स्क्रीनशॉट दिखा देता था। इससे यात्रियों को लगता था कि उनके खाते में रकम भेज दी गई है।
बाद में जब भुगतान की पुष्टि नहीं होती थी, तो उन्हें ठगी का पता चलता था। आरोपी अधिकांश देहरादून और अंबाला में ठगी को अंजाम देता है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले जिस पते पर रहता था, वह मकान अब बेचा जा चुका है। पुलिस वर्तमान ठिकाने और उसके मोबाइल नंबर से जानकारी जुटा रही है।