विदेश भेजने के नाम पर एक एजेंट ने दो युवकों से करीब सवा दो लाख रुपये हड़प लिए। पुलिस ने युवकों की शिकायत पर आरोपी व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्जकर देर शाम उसे गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
शिकायत में बिलासपुर निवासी कुलदीप धीमान ने बताया कि वह कुछ दिनों से रोजगार की तलाश में है, लेकिन कहीं बात नहीं बन रही। किसी ने विदेश में जॉब करने की राय दी। इस पर उसने रोजगार के लिए विदेश जाने का विचार बनाया। इस दौरान उनकी मुलाकात पंजाब के जालंधर के मोरान निवासी विनोद कुमार के साथ हुई, जो शहर के फव्वारा चौक पर एजेंट की दुकान करता है और इन दिनों शहर की बावा कॉलोनी में रहता था।
लगभग एक साल आरोपी ने उसे बताया कि वह पढ़े लिखे युवकों को रोजगार के लिए विदेश भेजता है। वह आरोपी की बातों में आ गया। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने उसे विदेश भेजने के नाम पर एक लाख 45 हजार रुपये की मांग की। कुलदीप ने बताया कि वह उसकी बातों में आ गया। तय तिथि के अनुसार उसने उसके कार्यालय आकर उसे एक लाख 45 हजार रुपये दे दिए। आरोपी ने उसे कुछ दस्तावेज भिजवाए। आरोपी ने उसे कुछ दिनाें बाद विदेश भेजने का वादा किया। मगर इसके बाद आरोपी ने उसे विदेश नहीं भेजा। जब उसने आरोपी से इस बारे बात की तो उसने कोई संतोष जनक जवाब नहीं दिया। परेशान होकर उसने आरोपी से पैसे वापस मांगे तो उसने पैसे देने से भी मना कर दिया। इस पर उसने इसकी शिकायत शहर पुलिस को दी। पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया।
ऑस्ट्रेलिया भेजने के लिए 80 हजार ठगे
दूसरे मामले में आरोपी ने पृथ्वी नगर कॉलोनी निवासी तरसेम लाल से ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर 80 हजार रुपये ठग लिए। फर्कपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्जकर देर शाम जगाधरी वर्कशाप रोड से आरोपी को काबू किया।
शिकायत में पृथ्वी नगर कॉलोनी निवासी तरसेम ने बताया कि उसने जॉब के लिए ऑस्ट्रेलिया जाना था। सात आठ माह पहले उसकी मुलाकात बावा कॉलोनी निवासी एजेंट विनोद के साथ हुई। आरोपी ने उसे ऑस्ट्रेलिया में भेजने के नाम पर 80 हजार रुपये की मांग की। सौदा तय होने के बाद पैसे देने के लिए तिथि तय की गई। तय तिथि के अनुसार उसने आरोपी के कार्यालय आकर उसे 80 हजार रुपये दे दिए। उस समय आरोपी ने उसे कागजी कार्रवाई के लिए कुछ दिनों का समय लगने की बात कहीं, लेकिन कई माह बीतने के बाद भी आरोपी ने उसे आस्ट्रेलिया नहीं भेजा। उसने कई बार फोन पर व उसके कार्यालय जाकर इस बारे में बातचीत की, लेकिन उसे कोई संतोष जनक जवाब नहीं मिला। परेशान होकर उसने आरोपी से अपने पैसे वापस मांगे तो उसने पैसे देने से भी मना कर दिया। उसने इसकी शिकायत फर्कपुर पुलिस को दी। पुलिस ने केस दर्जकर लिया है। देर शाम फर्कपुर पुलिस को सूचना मिली कि इस समय आरोपी जगाधरी वर्कशॉप रोड से कहीं जा रहा है। पुलिस ने तुरंत दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत पर भेज दिया। जांच अधिकारी एएसआई सुरेश कुमार का कहना है कि मामला दर्जकर लिया गया है। शनिवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। जहां उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।